केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौता पूरा होने के करीब है और समझौते को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया अब आकार ले रही है। उनकी यह टिप्पणी अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) की ताजा रिपोर्ट के बाद आई है, जिसमें भारत से होने वाले आयात पर 25 प्रतिशत शुल्क लगाने का प्रस्ताव किया गया है।गोयल ने 'इंडिया डेट कैपिटल मार्केट समिट 2026' को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये संबोधित करते हुए कहा, 'अमेरिका के साथ व्यापार समझौता पूरा होने के करीब है।

वह प्रक्रिया और मार्ग, जिसकी वजह से समझौते को अंतिम रूप देने में हमेशा रुकावट आती थी, उसमें अब कुछ बात बन रही है।' इस रिपोर्ट में यह प्रावधान भी रखा गया है कि यदि दोनों देश द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर सहमत हो जाते हैं, तो इस शुल्क को 17 प्रतिशत तक सीमित कर दिया जाएगा, जिससे भारत को एशियाई प्रतिस्पर्धियों पर मामूली बढ़त मिलेगी।भारत पर कितना टैरिफ लगाना चाहता है अमेरिकाअमेरिका ने बुधवार को भारत से आयात होने वाले सामान पर 25 प्रतिशत शुल्क लगाने का प्रस्ताव किया।

हालांकि, दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौता होने पर इसे घटाकर 17 प्रतिशत तक सीमित करने का प्रावधान भी किया गया है। इससे भारतीय निर्यातकों को एशियाई प्रतिस्पर्धियों के मुकाबले थोड़ी बढ़त मिल सकती है।ये शुल्क USTR की ओर से 16 आर्थिक क्षेत्रों के खिलाफ की गई जांच के बाद सामने आया है। जांच के दायरे में चीन, यूरोपीय संघ, सिंगापुर, स्विट्जरलैंड, इंडोनेशिया, मलेशिया, कंबोडिया, थाईलैंड, दक्षिण कोरिया, वियतनाम, ताइवान, बांग्लादेश, जापान, नॉर्वे, मेक्सिको और भारत शामिल हैं।टैरिफ लगा तो भारत पर क्या होगा असररत्न और आभूषण निर्यात संवर्धन परिषद के अध्यक्ष किरीट भंसाली कहा कि स्थिति में सुधार के संकेत मिलने लगे थे।

अप्रैल-अक्टूबर 2026 के दौरान अमेरिका को भारत का रत्न और आभूषण निर्यात सालाना आधार पर 14.87 प्रतिशत बढ़कर 3,607 करोड़ डॉलर का हो गया। हालांकि, भारतीय वस्तुओं पर अमेरिका की ओर से प्रस्तावित 25 प्रतिशत शुल्क से इस क्षेत्र पर फिर दबाव पड़ सकता है।उन्होंने कहा कि शुल्क में किसी भी तरह की बढ़ोतरी या बाजार तक पहुंच को लेकर लगातार बनी अनिश्चितता से भारतीय निर्यात की प्रतिस्पर्धात्मकता प्रभावित होगी, ऑर्डर मिलने की प्रक्रिया बाधित होगी और इस प्रमुख बाजार में निर्यातकों का मुनाफा घटेगा।टैरिफ बढ़ने का क्या होता है असरउन्होंने कहा कि शुल्क बढ़ने से आयात की कुल लागत और खुदरा कीमतें बढ़ती हैं।

इससे अमेरिका में उपभोक्ता मांग घट सकती है और दोनों देशों में इस क्षेत्र से जुड़े कारोबार तथा रोजगार प्रभावित हो सकते हैं। अमेरिका आभूषणों का एक प्रमुख बाजार है और वहां इस उद्योग से करीब दो लाख लोगों को रोजगार मिलता है। भंसाली ने उम्मीद जताई कि प्रस्तावित समझौते से शुल्क घटकर 17 प्रतिशत हो जाएगा, जिससे भारतीय उत्पादों की कीमतों के लिहाज से ठीक स्थिति बहाल होगी और निर्यातकों को अमेरिकी बाजार में कारोबार बढ़ाने का बेहतर अवसर मिलेगा।

25 फीसदी तक बढ़ने का था खतरावार्ता को गुरुवार को इस मामले से जुड़े अधिकारियों ने बताया, 'ये दरें अभी लागू नहीं हुई हैं और अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि ने स्पष्ट रूप से कहा है कि अगर द्विपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर हो जाते हैं तो भारतीय वस्तुओं पर टैरिफ की अधिकतम सीमा 17 प्रतिशत रखी जाएगी, अथवा वार्ता विफल होने पर यह 25 प्रतिशत तक बढ़ सकती है।'(पीटीआई भाषा और वार्ता इनपुट के साथ)