दिल्ली-मेरठ में नमो भारत ट्रेन के बाद अब बेंगलुरु में नम्मा मेट्रो की ब्लू लाइन की तैयारी लगभग पूरी हो गई है। बेंगलुरु मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BMRCL) ने आउटर रिंग रोड (ORR) कॉरिडोर पर नई मेट्रो ट्रेनों का ट्रायल शुरू कर दिया है। इससे खासतौर पर उन 11-12 लाख आईटी कर्मचारियों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो रोजाना इस व्यस्त रास्ते से ऑफिस आते-जाते हैं।
हालांकि, ट्रायल शुरू होने के बावजूद यात्रियों को मेट्रो में सफर करने के लिए अभी 7-8 महीने और इंतजार करना पड़ सकता है।किन स्टेशनों के बीच शुरू हुआ ट्रायल? फिलहाल ब्लू लाइन के केआर पुरा से डोड्डानेकुंडी स्टेशन के बीच ट्रायल शुरू किया गया है। इस हिस्से में शुरुआती 4 स्टेशन शामिल हैं। बीएमआरसीएल की योजना अगले महीने 4 और स्टेशनों तक ट्रायल बढ़ाने की है।
ब्लू लाइन का पहला चरण यानी फेज-2A करीब 19 किलोमीटर लंबा होगा। इसमें केआर पुरा से सेंट्रल सिल्क बोर्ड तक 13 स्टेशन होंगे। इसके शुरू होने से आउटर रिंग रोड के आसपास स्थित कई बड़े आईटी पार्क और टेक्नोलॉजी कंपनियां मेट्रो नेटवर्क से जुड़ जाएंगी।यात्रियों के लिए कब शुरू होगी मेट्रो? ट्रायल शुरू होने के बाद भी ब्लू लाइन पर यात्री सेवाएं तुरंत शुरू नहीं हो पाएंगी।
इसकी सबसे बड़ी वजह ऑटोमैटिक सिग्नलिंग सिस्टम का काम पूरा नहीं होना है। अधिकारियों के मुताबिक, सिग्नलिंग सिस्टम लगाने में अभी 2-3 महीने और लग सकते हैं। इसके बाद ट्रेनों और सिग्नलिंग सिस्टम की जांच होगी। साथ ही सुरक्षा से जुड़ी जरूरी मंजूरी भी लेनी होगी। सभी कामों को देखते हुए ब्लू लाइन पर अगले साल के मध्य तक यात्री सेवाएं शुरू होने का लक्ष्य है।
इसमें अभी करीब 7-8 महीने लग सकते हैं।पूरी ब्लू लाइन एक साथ शुरू होगी या चरणों में? अभी बीएमआरसीएल ने यह तय नहीं किया है कि पूरी 19 किलोमीटर की ब्लू लाइन एक साथ शुरू होगी या इसे अलग-अलग चरणों में खोला जाएगा। बीएमआरसीएल के मैनेजिंग डायरेक्टर पीसी जाफर के मुताबिक मेट्रो को अलग-अलग हिस्सों में शुरू करने से परिचालन और दूसरी व्यवस्थाओं में ज्यादा मुश्किलें आ सकती हैं।
इसमें लगभग उतना ही समय और मेहनत लग सकती है, जितनी पूरी लाइन को एक साथ शुरू करने में लगेगी। इसलिए काम की प्रगति देखने के बाद ही इस पर फैसला लिया जाएगा।ट्रेनों में मिलेगा सामान रखने का अलग इंतजाम ब्लू लाइन की मेट्रो ट्रेनों में पहली बार यात्रियों के बड़े सामान के लिए अलग जगह बनाई जाएगी। ऐसा इसलिए किया जा रहा है क्योंकि यह कॉरिडोर आगे चलकर केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (KIA) को भी मेट्रो नेटवर्क से जोड़ेगा।
हर ट्रेन के 4 कोच में सूटकेस और दूसरे बड़े सामान रखने के लिए अलग जगह होगी। हालांकि, इसके लिए सीटों की संख्या कम करनी पड़ेगी। अधिकारियों के मुताबिक, इन 4 कोच में मौजूदा पर्पल और ग्रीन लाइन के कोचों की तुलना में कुल 16 यात्रियों के बैठने जितनी जगह कम होगी।नमो भारत से कितनी अलग होगी नम्मो? नमो भारत और नम्मा मेट्रो का सबसे बड़ा अंतर इनके इस्तेमाल और रफ्तार में है।
नमो भारत दिल्ली-एनसीआर (दिल्ली से मेरठ) के शहरों को जोड़ने वाली रीजनल ट्रेन है, जिसकी अधिकतम डिजाइन स्पीड 180 किमी प्रति घंटा है। वहीं, नम्मा मेट्रो बेंगलुरु के अंदर सफर के लिए है, जिसकी अधिकतम डिजाइन स्पीड 80 किमी प्रति घंटा है। नमो भारत में लंबी दूरी और आराम पर, जबकि नम्मा मेट्रो में शहरी कनेक्टिविटी पर जोर है।