लखनऊ: लखनऊ के आदर्श कारागार में पत्नी की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे एक कैदी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कैदी का शव बैरक के पीछे बने बाथरूम में पाइप से बंधी चादर के फंदे से लटका मिला। सुबह कैदियों की गिनती में एक बंदी कम मिलने पर जेलकर्मियों ने तलाश शुरू की, जिसके बाद घटना की जानकारी हुई।जेल प्रशासन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
इसके साथ ही कैदी के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। वहीं, इस घटना में प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर जेल प्रशासन ने डिप्टी जेलर समेत दो कर्मियों को निलंबित कर दिया है।पत्नी की हत्या में मिली थी उम्रकैदमृतक कैदी की पहचान बस्ती जिले के लालगंज थाना क्षेत्र स्थित बनकटी के रहने वाले 32 वर्षीय राजू उर्फ अब्बास उर्फ असलम के रूप में हुई है, जो नोएडा के सेक्टर-20 स्थित हरौला में रहता था।
गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने उसे अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया था। सुनवाई पूरी होने के बाद अदालत ने उसे दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। सजा मिलने के बाद बीते 29 अक्टूबर को ही उसे लखनऊ के आदर्श कारागार में स्थानांतरित किया गया था।सुबह 6 बजे गिनती में था मौजूदजेलर राजेश सिंह के अनुसार, सुबह सभी कैदियों की नियमित गिनती कराई गई थी, उस समय राजू बैरक में मौजूद था।
हालांकि, करीब 15 मिनट बाद जब दोबारा गिनती कराई गई तो राजू गायब मिला। इसके बाद जेलकर्मियों ने परिसर में उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान वह बैरक के पीछे बने बाथरूम में फंदे से लटका मिला, जिसे उसने अपनी चादर फाड़कर बनाया था। जेलकर्मियों ने उसे तत्काल फंदे से नीचे उतारा और जेल चिकित्सक को बुलाया। लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।लापरवाही पर डिप्टी जेलर और वार्डर निलंबितबंदी की आत्महत्या के इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जेल प्रशासन ने जवाबदेही तय करने की प्रक्रिया के तहत सख्त कार्रवाई की है।
घटना में ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप में अनलॉकिंग प्रभारी डिप्टी जेलर मदन गोपाल और बैरक प्रभारी जेल वार्डर राजेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके अतिरिक्त एक अन्य जेल वार्डर अतीक अहमद के खिलाफ भी अनुशासनिक कार्रवाई शुरू की गई है।