दुनिया जहां आज 4G और 5G के फेर में लगी है वहीं चीन अगली पीढ़ी का कम्युनिकेशन नेटवर्क तैयार करने जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसकी खासियत रहेगी कि यह ज्यादा कवरेज और बेहतरीन परफॉर्मेंस पर फोकस करेगा। रिपोर्ट की मानें, तो चीन के उद्योग और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, साइबरस्पेस एडमिनिस्ट्रेशन और राष्ट्रीय विकास एवं सुधार आयोग ने मिलकर इसके लिए प्लान जारी किया है।इस नेक्स्ट जेनरेशन कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी में 5G-A, 6G, 10-गीगाबिट ऑप्टिकल नेटवर्क और सैटेलाइट इंटरनेट को एक साथ इस्तेमाल किया जाएगा।

इसकी वजह से यह हवा, अंतरिक्ष और समुद्र को भी आपस में जोड़ पाएगा।क्या है चीन का 2030 का लक्ष्य चीन 2030 तक अपने कम्युनिकेशन के ढांचे को दुनिया में सबसे आगे ले जाना चाहता है। इसके तहत अंतरिक्ष आधारित नेटवर्क की क्षमता इतनी बढ़ाने का टार्गेट है कि ग्लोबल स्तर पर सर्विस दी जा सके।इसके अलावा चीन का लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को पहले से ज्यादा मजबूत और भरोसेमंद बनाने का है।

इसके लिए चीन को शून्य से शुरुआत करने की जरूरत नहीं रहेगी बल्कि वह मौजूदा सूचना नेटवर्क के आधार पर ही आगे बढ़ेगा।साधारण नेटवर्क से किस तरह होगा अलग? साधारण और पुराने नेटवर्क की तुलना में इस अगली पीढ़ी के नेटवर्क में मुख्य तौर पर चार बड़े बदलाव किए जाएंगे। पहला कि यह नेटवर्क सिर्फ इंसानों को नहीं जोड़ेगा बल्कि इंसान, मशीन, चीजों और इंटेलिजेंट एजेंट्स को भी आपस में जोड़ेगा।

इसमें दूसरा बड़ा बदलाव यह होगा कि इसकी पहुंच सिर्फ जमीन पर नहीं बल्कि हवा, अंतरिक्ष और महासागरों तक फैल जाएगी। इसके अलावा तीसरा बदलाव इस नेटवर्क की स्पीड और कनेक्शन की क्षमता में होगा। इससे बड़ा फर्क लेटेंसी पर पड़ेगा और लेटेंसी कम हो जाएगी। वहीं चौथा बदलाव इसकी सर्विस में होगा और यह सिर्फ जानकारी भेजने की जगह सेंसिंग, नेविगेशन, कंप्यूटिंग और इंटेलिजेंस को एक साथ जोड़ेगा।AI और ग्रीन टेक्नोलॉजी पर जोर ​रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस पूरी योजना में AI और उससे जुड़े इनोवेशन को बढ़ाने पर पूरा जोर रहेगा।

चीन एक तय रणनीति के तहत अपने देश में मौजूद नेटवर्क, सैटेलाइट नेटवर्क और विदेशी नेटवर्क को आपस में जोड़कर ताकत बढ़ाएगा।इसके अलावा नेटवर्क को AI की मदद से ज्यादा स्मार्ट बनाया जाएगा।नेटवर्क की सुरक्षा को चाक-चौबंद किया जाएगा और इसे पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जाएगा । एक्सपर्ट्स की मानें, तो क्लाउड कंप्यूटिंग और सुपरफास्ट इंटरनेट के तालमेल की वजह से भविष्य में चीन की अर्थव्यवस्था और आम लोगों के जीवन स्तर में तेजी से बढ़ोत्तरी देखने को मिलेगी।