मशहूर सिंगर दिलजीत दोसांझ के बेंगलुरु कॉन्सर्ट से पहले बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कॉन्सर्ट से पहले पुलिस को एक धमकी भरा एक ईमेल मिला है। इसमें कार्यक्रम के दौरान IED धमाका करने की धमकी दी गई है। धमकी भरे ईमेल में 'खालिस्तान जिंदाबाद' का जिक्र भी मिला गया है। फिलहाल मामले की जांच शुरू कर दी गई है।इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक धमकी वाला ईमेल धारवाड़ पुलिस कमिश्नर को मिला है।
इसमें मदावरा के NICE रोड स्थित मैदान में बम हमले की चेतावनी दी गई है। कॉन्सर्ट इसी मैदान में आगामी 29 नवम्बर को होना है।ईमेल में कॉन्सर्ट में आने वाले लोगों को भी चेतावनी दी गई है। उनसे कहा गया है कि वे यहां बच्चों को साथ ना लाएं, आईफोन पर आए फोन का जवाब ना दें और मेट्रो से यात्रा करने से बचे। हालांकि चिंताएं बढ़ने के बावजूद धमकी के बाद भी अभी तक कॉन्सर्ट प्रोग्राम में किसी तरह के बदलाव की पुष्टि नहीं हुई है।पहले भी मिली है धमकीबता दें कि यह पहली बार नहीं है जब दिलजीत के कार्यक्रम को लेकर इस तरह की धमकियां मिली हैं।
इससे पहले उनके इंदौर में हुए कॉन्सर्ट से पहले भी पुलिस को ऐसे ईमेल मिले थे। इंदौर के कार्यक्रम में बम विस्फोट की धमकी को लेकर मेयर ऑफिस, तीन बैंकों और तीन निजी स्कूलों को ई-मेल भेजे गए थे। हालांकि, पुलिस ने जांच के बाद इन संदेशों को पहली नजर में फर्जी बताया था।दिलजीत ने दिया था जवाबइंदौर कॉन्सर्ट से पहले मिली धमकियों का जवाब दिलजीत दोसांझ ने एक शेर के जरिए देने की कोशिश की थी।
यहां बीच कॉन्सर्ट उन्होंने एक शेर सुनाते हुए कहा था कि ‘हिंदुस्तान किसी के बाप का नहीं’। उन्होंने बीते रविवार रात इंदौर में अपने 'लाइव परफॉर्मेंस के दौरान कहा कि उन्हें प्रस्तुति देने से रोकने की कोशिश की गई, इसके बावजूद उन्होंने बिना डरे वादा निभाया।दोसांझ ने कंसर्ट की शुरुआत में श्रोताओं से 'जय श्री महाकाल' का जयकारा लगवाया।
उन्होंने कहा, ''देखो, यह महाकाल की धरती है और यहां आने से हमें कोई रोक नहीं सकता। न तो हम डरे थे पहले और न डरते हैं आज। और आप लोग कहां डरते हैं? आप लोगों की ताकत है जो आज हम यहां हैं।'' 42 वर्षीय दिलजीत ने राहत इंदौरी की एक मशहूर गजल के कुछ शेर एक बार फिर सुनाते हुए कहा, ''अगर खिलाफ हैं होने दो, जान थोड़ी है, यह सब धुआं है, कोई आसमान थोड़ी है...सभी का खून है शामिल यहां की मिट्टी में, किसी के बाप का हिन्दोस्तान थोड़ी है।''