अपने विधायक पर लगे गंभीर आरोपों को नजरअंदाज करने का खामियाजा अब थलपति विजय को भुगतना पड़ा है। इस मामले को लेकर मद्रास हाईकोर्ट ने मंगलवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय की सरकार को तगड़ी फटकार लगाई। हाईकोर्ट ने TVK विधायक पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों से निपटने के सरकार के तरीके पर गंभीर सवाल उठाए।

HC ने यह तक कह दिया कि कहीं ऐसा तो नहीं कि विजय की सरकार आरोपी को बचाने की कोशिश कर रही है।दरअसल यह पूरा मामला तब सामने आया जब हाल ही में तमिलागा वेत्री कड़गम (TVK) के विधायक सी अरुण विग्नेश पर कल्लाकुरिची की महिला जिला कलेक्टर को अश्लील मैसेज भेजने के आरोप लगे। मामला 3 महीने पुराना है। खबर सामने आते ही पूरे राज्य में बवाल मच गया।मामले ने तब और तूल पकड़ ली जब डीएमके सांसद कनिमोझी ने इस मामले पर घोर आपत्ति जताई।

डीएमके और AIADMK ने बीते 12 नवंबर को वरिष्ठ अधिकारियों के पास शिकायतें भी दर्ज कराईं। विपक्षी दलों ने तो सरकार पर हमला बोला ही, साथी कांग्रेस ने भी जांच की मांग कर दी। हालांकि आरोपी विधायक ने सभी आरोपों को खारिज किया है और इसे राजनीति से प्रेरित बताया है।क्यों नहीं की कार्रवाई?- HCइंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक अब पीड़िता ने सोमवार को जिले के पुलिस अधीक्षक पास खुद शिकायत दर्ज कराई।

इसके बाद अदालत ने विजय की सरकार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए सवाल उठाए कि क्या सरकार किसी को बचा रही है। हाईकोर्ट ने पूछा कि महीनों पहले इस मामले के जानकारों मिलने के बावजूद सरकार ने कोई कार्रवाई क्यों नहीं की। शिकायत से जुड़ी एक याचिका पर सुनवाई करते हुए जस्टिस लक्ष्मीनारायणन ने इस पूरे मामले की जांच करने के लिए सरकार को एक कमिटी बनाने का आदेश भी दिया है।HC ने कार्रवाई में हुई देरी पर जवाब मांगते हुए पूछा, क्या 31 जुलाई को मामला सामने आने के बाद कोई कार्रवाई की गई थी?

जस्टिस लक्ष्मीनारायणन ने पूछा कि सरकार ने आरोपों पर खुद पहल करके कार्रवाई क्यों नहीं की। उन्होंने पूछा, इन शिकायतों पर ध्यान क्यों नहीं दिया गया? आपने इस बारे में क्या किया? क्या मैं आपको कार्रवाई करने के लिए कहूं? आप खुद कदम क्यों नहीं उठा सकते?‘हर महिला की सुरक्षा जरूरी'HC ने विजय की सरकार से यह भी पूछा कि महिला कलेक्टर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं।

अदालत ने कहा कि यौन उत्पीड़न से सुरक्षा महिला के पद के आधार पर तय नहीं हो सकती। HC ने कहा, वह मुख्य सचिव हो या सफाईकर्मी, उसे यौन उत्पीड़न से सुरक्षा मिलनी चाहिए। सुनवाई के रहे जज ने यह भी कहा कि किसी महिला की मुश्किल समझने के लिए आपका महिला होना जरूरी नहीं है।पीड़िता की पहचान उजागर होने पर भी फटकारहाईकोर्ट ने इस दौरान सोशल मीडिया पर पीड़िता की पहचान उजागर होने को लेकर भी नाराजगी जताई।

कोर्ट पहले ही निर्देश दे चुकी थी कि पीड़िता की पहचान उजागर नहीं की जानी चाहिए। हाईकोर्ट ने पूछा, मैंने आपसे कहा था कि पीड़िता की पहचान से जुड़ी जानकारी उजागर नहीं होनी चाहिए। फिर यह सोशल मीडिया पर क्यों है? इस पर तमिलनाडु सरकार ने जवाब दिया कि वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जानकारी शेयर होने से रोक नहीं सकती और फेसबुक और इंस्टाग्राम उसके नियंत्रण में नहीं हैं।

हालांकि, कोर्ट इस जवाब से संतुष्ट नहीं हुई। कोर्ट ने कहा कि राज्य के पास अपनी साइबर अपराध व्यवस्था है और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को कंट्रोल ना कर पाने की बात कार्रवाई ना करने का बहाना नहीं हो सकती।