कानपुर के फूलबाग इलाके में सैंडविच की दुकान हटाने को लेकर चौकी प्रभारी और दुकानदार के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। दुकानदार कार्तिक त्रिपाठी ने फूलबाग चौकी प्रभारी विनोद जायसवाल पर रुपये मांगने और न देने पर रोज दुकान पर पहुंचकर परेशान करने का आरोप लगाया है। वहीं, दरोगा ने दुकान पर शराब पिलाए जाने की बात कहकर उसे हटाने को कहा।

दोनों के बीच हुई बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में चौकी प्रभारी दुकानदार को दुकान हटाने की हिदायत देते नजर आ रहे हैं। इस पर कार्तिक खुद को गरीब बताते हुए दुकान न हटाने की गुहार लगाता है। वह नगर निगम से दुकान लगाने को लेकर बातचीत होने की बात भी कहता है। इसी दौरान वह कहता सुनाई देता है कि दुकान हटानी है तो हटा दीजिए, लेकिन वह खुद नहीं हटाएगा।

यहां तक कि दरोगा के पैर छूने की बात भी कहता है।