ब्रह्मा का यज्ञ क्षेत्र पुष्कर‘यथा महोदधेस्तुल्यो चान्योऽस्ति जलाशय:।तथा वै पुष्करस्यापि समं तीर्थं विद्यते॥’(-पद्मपुराण, सृष्टि खंड)-जैसे समुद्र के समान कोई जलाशय नहीं है, वैसे ही पुष्करराज के समान कोई तीर्थ नहीं है।<a class=backlink target=_blank href=https://www.livehindustan.com/tags/dev-uthani-ekadashi data-vars-anchor-text=देवउठनी एकादशी data-vars-link-type=Auto data-vars-page-type=story>देवउठनी एकादशी से कार्तिक पूर्णिमा तक चलने वाले पुष्कर स्नान के बारे में मान्यता है कि इसके बिना चारों धाम की यात्रा का पुण्य फल भी अधूरा रहता है।

इन पांच दिनों को भीष्म पंचक के नाम से भी जाना जाता है। ऐसी मान्यता है कि पुष्कर तीर्थयात्रा का पूर्ण फल यज्ञ पर्वत पर स्थित अगस्त्य कुंड में स्नान करने पर ही मिलता है।वज्रनाभ से जुड़ी कहानीपुष्कर से जुड़ी एक पौराणिक कथा के अनुसार एक बार सृष्टि के रचयिता ब्रह्मा ने पृथ्वी लोक पर यज्ञ करने का निश्चय किया।

उस समय पृथ्वी पर वज्रनाभ नाम के असुर का आतंक चारों ओर फैला हुआ था। वह बच्चों को जन्म लेते ही मार देता था। ब्रह्मा ने उस दैत्य का अंत करने का निश्चय किया। उन्होंने अपने कमल पुष्प से उस दैत्य पर भीषण प्रहार कर उसका अंत कर दिया। उस पुष्प का प्रहार इतना प्रचंड था कि जहां वह गिरा, उस स्थान पर एक विशाल सरोवर बन गया।

अपने हाथ से पुष्प द्वारा किए गए आघात से इस सरोवर के निर्माण होने के कारण इसका नाम पुष्कर सरोवर हो गया। ब्रह्मा द्वारा यहां यज्ञ करने से इस सरोवर को आदितीर्थ होने का पुण्य भी प्राप्त हुआ।पंचतीर्थों के नाम क्या हैं?पुष्कर, कुरुक्षेत्र, गया, हरिद्वार और प्रयाग को पंचतीर्थ कहा गया है। इसमें पुष्कर को सर्वाधिक पवित्र माना गया है।

इसी प्रकार पंच सरोवरों में- पुष्कर सरोवर (अजमेर, राजस्थान), मानसरोवर (कैलाश क्षेत्र), बिंदु सरोवर (सिद्धपुर, गुजरात), नारायण सरोवर (कच्छ, गुजरात) और पंपा सरोवर (हम्पी के पास, कर्नाटक) में पुष्कर सरोवर को सबसे अधिक पुण्यकारी माना गया है। पुष्कर सरोवर भी तीन हैं। ज्येष्ठ, मध्य और कनिष्ठ पुष्कर। ज्येष्ठ पुष्कर के देवता ब्रह्मा, मध्य पुष्कर के विष्णु और कनिष्ठ पुष्कर के देवता रुद्र हैं, लेकिन पुष्कर का अनंत काल से महत्व ज्येष्ठ पुष्कर के कारण ही है।

ऐसी मान्यता है कि पुष्कर सरोवर में स्नान, तर्पण और पिंडदान करने से पूर्वजों को शांति व तृप्ति मिलती है। इसी दौरान यहां विश्व प्रसिद्ध पशु मेले का भी आयोजन किया जाता है।ब्रह्माजी को शापभारत में सिर्फ पुष्कर में ही ब्रह्मा का एकमात्र मंदिर होने के पीछे भी एक कथा है। स्थानीय मान्यता के अनुसार यह कथा देवी सावित्री के ब्रह्मा को शाप देने से जुड़ी है।

एक समय ब्रह्मा ने पुष्कर को यज्ञ क्षेत्र के रूप में चुना। यज्ञ के लिए निश्चित मुहूर्त पर जब देवी सावित्री वहां नहीं पहुंचीं, तो ब्रह्मा ने गायत्री नाम की एक गुर्जर कन्या से विवाह करके यज्ञ संपन्न किया। देवी सावित्री जब वहां पहुंचीं, तो अपने स्थान पर गायत्री को बैठा देखकर क्रोधित हो गईं। उन्होंने ब्रह्मा को शाप दिया कि संपूर्ण पृथ्वी पर पुष्कर को छोड़कर उनकी कहीं भी पूजा नहीं होगी।

विश्व में ब्रह्मा के इस एकमात्र मंदिर के कारण से ही मंदिरों की नगरी पुष्कर की विशिष्ट पहचान और महत्ता है।-अरुण कुमार जैमिनि