गुरुग्राम: दिल्ली से सटे गुरुग्राम को साफ-सुथरा बनाने के लिए नगर निगम ने बड़ा फैसला लिया है। नगर निगम ने अपने अधिकार क्षेत्र के सभी सार्वजनिक स्थानों को 'नो-स्मोकिंग जोन' घोषित कर दिया है। अब सार्वजनिक जगहों पर सिगरेट, बीड़ी और अन्य तंबाकू उत्पादों का सेवन करने, तंबाकू थूकने और सिगरेट-बीड़ी के टुकड़े फेंकने पर प्रतिबंध रहेगा।

नियमों का उल्लंघन करने वालों पर 200 रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा। नगर आयुक्त पंकज ने सोमवार को इस संबंध में आदेश जारी किया जो तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।नगर निगम के आदेश के क्यानगर निगम के आदेश के अनुसार बाजारों, बस स्टॉप, बस स्टैंड, सार्वजनिक परिवहन, पार्क, ग्रीन बेल्ट, खेल के मैदान और ओपन जिम सहित सभी सार्वजनिक स्थानों पर प्रतिबंध रहेगा।

अगर कोई नियम तोड़ता है तो उस पर जुर्माना लगाया जाएगा। इसके अलावा नगर निगम के कार्यालयों, सामुदायिक केंद्रों, पुस्तकालयों, डिस्पेंसरी, पार्किंग स्थलों और सार्वजनिक शौचालय परिसरों को भी इसके दायरे में रखा गया है। वहीं नगर निगम के अंतर्गत आने वाले पार्कों में बने शेड और अन्य स्थानों पर भी धूम्रपान की अनुमति नहीं होगी।

सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू थूकने और सिगरेट या बीड़ी के टुकड़े फेंकने पर भी कार्रवाई की जाएगी।15 दिनों में लगाने होंगे नो-स्मोकिंग जोन के बोर्डनगर निगम ने संबंधित अधिकारियों को आदेश के पालन की जिम्मेदारी सौंपी है। संयुक्त आयुक्त, मुख्य चिकित्सा अधिकारी और बागवानी विभाग अपने-अपने क्षेत्रों और पार्कों में नियमों का पालन सुनिश्चित करेंगे।

साथ ही, सभी संबंधित सार्वजनिक स्थानों पर 15 दिनों के भीतर 'नो-स्मोकिंग जोन' के साइनबोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम ने अपने आदेश में सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2003 की धारा 4 का हवाला दिया है। इसके तहत सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान प्रतिबंधित है। आदेश में कहा गया है कि सार्वजनिक जगहों पर धूम्रपान और कचरा फैलाने से विशेष रूप से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता है।

साथ ही, इससे सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी भी फैलती है।