भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने रोटी-बेटी के रिश्तों को अब विकास और सुगम यातायात की एक नई रफ्तार मिलेगी। सोमवार को छारछुम मोटर पुल का संचालन शुरू होने से सीमावर्ती इलाकों के लोगों में नई उम्मीद जगा दी है। न केवल दोनों देशों के बीच व्यापार और संपर्क मजबूत होगा, बल्कि रोजमर्रा के पारिवारिक और सामाजिक संबंधों में आने वाली बाधाएं भी दूर हो जाएंगी।

काली नदी पर तैयार छारछुम मोटर पुल अब सीमावर्ती इलाकों के लिए न केवल आर्थिक अवसरों का नया द्वार खोलने जा रहा है, बल्कि शादी-ब्याह और पारिवारिक मेल-मिलाप की वर्षों पुरानी मुश्किलों को भी आसान करेगा।करीब 33 करोड़ रुपये की लागत से काली नदी पर बने 110 मीटर लंबे इस मोटर पुल से सोमवार को वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई।

इस ऐतिहासिक पल के साक्षी दोनों देशों के नागरिकों के साथ ही प्रशासनिक अधिकारी भी बने। इस मौके पर आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सीमांत क्षेत्र के माहौल को उत्सवमय बना दिया।शादी-ब्याह में खत्म होगी पैदल चलने की मुश्किलभारत और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में पारिवारिक और वैवाहिक रिश्ते सदियों से जुड़े हुए हैं।

अभी तक नेपाल से ब्याह कर आने वाली बहुओं को ससुराल पहुंचने के लिए झूला पुल से पैदल गुजरना पड़ता था और दूल्हे को भी दुल्हन के घर तक पैदल ही सफर तय करना होता था लेकिन मोटर पुल शुरू होने से यह तस्वीर बदलने जा रही है, अब दूल्हा-दुल्हन ही सीधे एक-दूसरे के घर पहुंच सकेंगे।करीब आएंगे भारत और नेपाल के रिश्तेधारचूला और नेपाल के दार्चुला क्षेत्र के लोगों को एक-दूसरे के घर आने-जाने के लिए काली नदी पर बने पुराने और संकरे झूला पुलों पर निर्भर रहना पड़ता था।

इन संकरे पुलों से गुजरना आम दिनों में ही चुनौतीपूर्ण होता था, लेकिन शादी-ब्याह जैसे आयोजनों, तीज-त्योहारों और सामान ढोने के दौरान लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों, बीमारों और बच्चों को होती थी, जिन्हें पैदल इन लंबे और संकरे रास्तों को पार करना पड़ता था। छारछुम मोटर पुल पर वाहनों की आवाजाही शुरू होने से अब लोग सीधे गाड़ियों से एक पार से दूसरे पार जा सकेंगे।

लोगों का मानना है कि यह पुल दोनों देशों की साझा संस्कृति और आत्मीयता को जोड़ने वाला मजबूत सेतु साबित होगा।विकास की दिशा में बड़ी उपलब्धिइस दौरान डीएम भटगांई ने कहा कि छारछुम मोटर पुल सीमांत क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इसके शुरू होने से भारत और नेपाल के सीमावर्ती गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

साथ ही दोनों देशों के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों को भी मजबूती मिलेगी। यह पुल क्षेत्रवासियों के लिए विकास और बेहतर संपर्क का नया मार्ग प्रशस्त करेगा। नेपाल के दार्चुला के मुख्य जिलाधिकारी वर्तराज पौडेल ने कहा कि पुल के संचालन से सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को आर्थिक और सामाजिक लाभ मिलेगा।

वाहनों से आवाजाही शुरू होने से लोगों का समय बचेगा और क्षेत्र की आर्थिकी को भी गति मिलेगी। इस दौरान कलाकारों ने स्थानीय संस्कृति और परंपराओं पर आधारित रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। पुल शुरू होने से दोनों देशों के सीमावर्ती गांवों के बीच व्यापारिक गतिविधियों और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।क्या फायदे होंगेपुल के संचालन से भारी सामान की ढुलाई आसान होगी और माल परिवहन की लागत घटेगी, जिससे सीमा व्यापार का पूरा गणित बदलने की उम्मीद है।

साथ ही, शादी-ब्याह में अब दूल्हा और दुल्हन झूला पुल के सहारे पैदल चलने के बजाय सीधे वाहनों में सवार होकर एक-दूसरे के घर पहुंच सकेंगे। जनपद में भारत-नेपाल सीमा पर अब तक भारी सामान, राशन और निर्माण सामग्री की आवाजाही सीमित संसाधनों और कठिन रास्तों के कारण महंगी और समय लेने वाली साबित होती थी। छारछुम मोटर पुल से वाहनों की सीधी आवाजाही शुरू होने के बाद माल ढुलाई की प्रक्रिया तेज और सरल हो जाएगी।

परिवहन लागत में कमी आने से स्थानीय बाजारों में वस्तुओं की पहुंच आसान होगी और व्यापारियों व उपभोक्ताओं दोनों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।