देश की सुरक्षा को लेकर एक बड़ा खतरा सामने आया है। यह खतरा साइबर अटैक के रूप में सामने आया है। इसको लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने अलर्ट जारी किया है। सुरक्षा एजेंसियों ने रक्षा, अर्द्धसैनिक बलों और रक्षा क्षेत्र के असैन्य अधिकारियों के कुछ निजी ‘वॉट्सऐप ग्रुप’ में पाकिस्तानी एजेंटों की गुप्त घुसपैठ का पता लगाया है।
इसके बाद इन अफसरों को उनके खिलाफ टारगेटेड साइबर जासूसी की कोशिश को लेकर आगाह किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।व्यापक जांच के आदेशएजेंसियों ने इन अधिकारियों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे सोशल मीडिया मंचों और चिन्हित ‘वॉट्सऐप ग्रुप’ की व्यापक जांच करने तथा उन्हें सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि सभी बलों और रक्षा क्षेत्र के असैन्य संगठनों के लिए जारी सामान्य परामर्श में उनसे अपने सोशल मीडिया मंचों की जांच कर उन्हें सुरक्षित बनाने तथा अज्ञात सदस्यों को हटाने को कहा गया है। उन्हें किसी भी आधिकारिक या गोपनीय जानकारी और आंकड़े को सोशल मीडिया मंचों पर साझा नहीं करने का निर्देश भी दिया गया है।साइबर जासूसी अभियानअधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों ने पाया कि पाकिस्तान स्थित कुछ खुफिया एजेंटों (पीआईओ) ने रक्षा, अर्द्धसैनिक बलों (केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों) और रक्षा क्षेत्र के असैन्य अधिकारियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले करीब 13-14 निजी ‘वॉट्सऐप ग्रुप’ में घुसपैठ की है।
उन्होंने बताया कि संवेदनशील सुरक्षा ड्यूटी निभा रहे इन अधिकारियों के खिलाफ इस खतरे को लक्षित साइबर जासूसी अभियान के रूप में चिन्हित किया गया है।नंबरों की नकल कर घुसेअधिकारियों के मुताबिक, पाकिस्तानी एजेंटों ने संभवतः भारतीय मोबाइल नंबरों की नकल करके या उनसे छेड़छाड़ कर इन समूहों में जगह बनाई । उन्होंने बताया कि इन एजेंटों के नंबर अफसरों के ग्रुप में ‘निष्क्रिय सदस्य’ बने हुए थे।
इस तरह से वे वहां शेयर की जा रही बातचीत तथा डॉक्यूमेंट्स पर नजर रख रहे थे। फिलहाल जारी सलाह में चिन्हित ‘वॉट्सऐप ग्रुप’ के अलावा सभी बलों और रक्षा क्षेत्र के असैन्य संगठनों को अपने सोशल मीडिया मंचों की जांच करने, उन्हें सुरक्षित बनाने और अज्ञात सदस्यों को हटाने का निर्देश दिया गया है।फिर से जारी किए गए दिशा-निर्देशएक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि इस घटना के मद्देनजर साइबर सुरक्षा से जुड़े निर्धारित दिशा-निर्देशों को दोहराया गया है।
साथ ही निर्देश दिया गया है कि कोई भी आधिकारिक या गोपनीय जानकारी और आंकड़े सोशल मीडिया मंचों पर साझा नहीं किए जाएं। अधिकारियों ने बताया कि हाल में एजेंसियों ने एक ऐसी पाकिस्तानी खुफिया एजेंट का भी पता लगाया था, जो रक्षा क्षेत्र के असैन्य अधिकारियों के एक वॉट्सऐप ग्रुप में ‘सोनिया’ नाम से खुद को रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) की वैज्ञानिक बता रही थी।
संदेह है कि इस समूह में कुछ संवेदनशील जानकारी पैसे के बदले साझा की गई थी।