उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के उपसचिव संजय कुमार सिंह ने सोशल मीडिया पर सुपर टेट परीक्षा रद होने की फर्जी सूचना फैलाने वाले अज्ञात व्यक्ति या संस्था के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। परीक्षा तीन और चार दिसंबर को आयोजित होनी है। आयोग के उपसचिव संजय कुमार सिंह ने कर्नलगंज थाने में 20 नवंबर को यह रिपोर्ट दर्ज कराई।
शिकायत में बताया गया कि फर्जी सूचना में आयोग का लोगो, जाली पत्रांक संख्या और उपसचिव के कूटरचित हस्ताक्षर का उपयोग किया गया था। इस फर्जी सूचना में कहा गया था कि अपरिहार्य कारणों से परीक्षा निरस्त कर दी गई है। इसमें यह भी बताया गया कि विस्तृत जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर शीघ्र ही उपलब्ध कराई जाएगी।
अभ्यर्थियों को वेबसाइट का नियमित अवलोकन करते रहने का निर्देश दिया गया था। नई तिथि के संबंध में पृथक से अधिसूचना यथासमय जारी करने की बात भी फर्जी सूचना में थी।