दिल्ली में नशे की खेप पहुंचाने जा रहे एक तस्कर को एएनटीएफ बरेली और मीरगंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से 533 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.07 करोड़ रुपये बताई गई है। आरोपी बिना नंबर प्लेट की बाइक से हेरोइन लेकर जा रहा था। पुलिस ने बाइक, मोबाइल फोन और 400 रुपये भी बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को एएनटीएफ बरेली और मीरगंज पुलिस की संयुक्त टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक हेरोइन की खेप लेकर बरेली-रामपुर हाईवे से गुजरने वाला है। सूचना पर टीम ने लभारी चौकी के पास घेराबंदी कर फरीदपुर थाना क्षेत्र के काली नगला निवासी रजनेश कुमार (35) को पकड़ लिया।

तलाशी लेने पर उसके पास से 533 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। यह भी पढ़ें- बरेली: चलती ट्रेन में लूट करने का आरोपी राहुल मौर्य गिरफ्तार, 1.10 करोड़ का सोना बरामद स्नैपचैट पर संपर्क, एक खेप के मिलते थे 20 हजार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चालक है। ट्रांसपोर्ट नगर में उसकी मुलाकात एक व्यक्ति से हुई थी, जिसने हेरोइन दिल्ली पहुंचाने के बदले प्रत्येक चक्कर के 20 हजार रुपये देने का लालच दिया था।

तस्कर उससे स्नैपचैट के जरिये संपर्क करता था और बातचीत के बाद अपनी आईडी डिलीट कर देता था। दिल्ली पहुंचने पर फोन करके सप्लाई लेने वाले व्यक्ति और स्थान की जानकारी दी जाती थी। आरोपी इसी खेप को दिल्ली पहुंचाने जा रहा था, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।