अरुणाचल प्रदेश की सियांग घाटी में प्रस्तावित मेगा बांध को लेकर जारी विरोध के बीच केंद्रीय गृह मंत्री <a class=backlink target=_blank href=https://www.livehindustan.com/tags/amit-shah data-vars-anchor-text=अमित शाह data-vars-link-type=Auto data-vars-page-type=story>अमित शाह ने बड़ा बयान दिया। शनिवार को उन्होंने प्रदर्शन कर रहे लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी चिंताओं को बातचीत के जरिए दूर किया जाएगा।
सरकार स्थानीय लोगों को विश्वास में लेकर ही परियोजना पर आगे बढ़ेगी। क्षेत्र की संस्कृति, परंपरा और धार्मिक पहचान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इटानगर में अरुणाचल प्रदेश पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान करने के लिए आयोजित समारोह में शाह शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि उन्हें इस प्रोजेक्ट को लेकर स्थानीय समुदायों की आशंकाओं की जानकारी है।
वह खुद लोगों की चिंताओं को समझने और उनका समाधान निकालने के लिए अरुणाचल प्रदेश आए हैं।अमित शाह ने 11,200 मेगावाट क्षमता वाली सियांग अपर मल्टीपर्पज परियोजना (SUMP) को देश और अरुणाचल प्रदेश के विकास के लिए अहम बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट की भूमिका काफी अहम होगी, लेकिन इसके साथ स्थानीय लोगों की भावनाओं और पहचान का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा।
गृह मंत्री ने कहा कि सरकार और उनका भी स्थानीय संस्कृति के प्रति उतना ही सम्मान है, जितना यहां के लोगों का है। परियोजना को लेकर कोई भी फैसला स्थानीय निवासियों को साथ लेकर ही किया जाएगा। उन्होंने साफ किया कि विकास की प्रक्रिया में इस क्षेत्र की परंपराओं, संस्कृति और धर्म से किसी तरह का समझौता नहीं होगा।पुलिस थाने को कर दिया आग के हवालेगृह मंत्री ने प्रस्तावित बांध से प्रभावित होने की आशंका वाले लोगों के लिए देश के सबसे बेहतर पुनर्वास और पुनर्स्थापन पैकेज में से एक देने का भरोसा भी दिया।
अमित शाह का यह बयान ऐसे समय आया है, जब परियोजना के विरोध में पूर्वी सियांग जिले में प्रदर्शन हिंसक हो चुके हैं। अक्टूबर में प्रदर्शनकारियों ने सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी के कार्यालय में आग लगा दी थी। इसके अलावा एक पुलिस थाने को आग के हवाले कर दिया गया और तीन राजनीतिक नेताओं के आवासों में तोड़फोड़ की गई।
इस दौरान पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे। इससे पहले 12 घंटे के बंद के दौरान भी तनाव की स्थिति बनी थी। इसके एक दिन पहले पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े थे, जिसमें चार लोग घायल हो गए थे।लोकतांत्रिक तरीके से मांग उठाने की अपीलमुख्यमंत्री पेमा खांडू ने हिंसा की निंदा करते हुए प्रदर्शनकारियों से अपनी मांगें शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से उठाने की अपील की थी।
स्थानीय लोगों का विरोध मुख्य रूप से इस आशंका को लेकर है कि बांध बनने से उन्हें अपने घर और जमीन छोड़नी पड़ सकती है। इसके अलावा क्षेत्र के नाजुक पर्यावरण और पुश्तैनी जमीन के पानी में डूबने की भी चिंता जताई जा रही है। दूसरी ओर, केंद्र और राज्य सरकार इस परियोजना को रणनीतिक लिहाज से भी अहम मानती हैं। उनका मानना है कि तिब्बत में चीन की ओर से बड़े पैमाने पर जलविद्युत परियोजनाएं विकसित किए जाने के बीच सियांग परियोजना भारत के हितों की सुरक्षा में अहम भूमिका निभा सकती है।
आदि समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले संगठन और सियांग इंडिजिनस फार्मर्स फोरम ने अमित शाह को संयुक्त ज्ञापन भी सौंपा है।