AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने भारतीय क्रिकेट टीम में मोहम्मद सिराज को टेस्ट टीम में जगह नहीं मिलने पर प्रतिक्रिया दी है। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में ओवैसी ने कहा कि मोहम्मद सिराज बेहद साधारण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आते हैं। उनके पिता हैदराबाद में ऑटो रिक्शा चलाते थे। सिराज ने अपने जीवन में काफी संघर्ष किया है।

दुनिया शायद उन मुश्किलों और कुर्बानियों को नहीं जानती, जिनसे गुजरकर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। अपनी मेहनत, लगन और मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर सिराज भारतीय क्रिकेट टीम के लिए कई टेस्ट मैच खेल चुके हैं और अब तक 144 टेस्ट विकेट हासिल कर चुके हैं। ओवैसी ने कहा कि सिराज की सबसे बड़ी ताकत उनकी इच्छाशक्ति है।

उन्हें दबाना या लंबे समय तक टीम से बाहर रखना आसान नहीं है।असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि मोहम्मद सिराज एक सच्चे फाइटर हैं और उन्हें पूरा भरोसा है कि वह टीम इंडिया में दमदार वापसी करेंगे। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 5 टेस्ट मैचों की सीरीज का उदाहरण देते हुए कहा कि सिराज ने इस सीरीज के सभी पांच मुकाबले खेले थे।

एक तेज गेंदबाज के तौर पर उन्होंने 1,113 गेंदें फेंकीं और सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। ओवैसी ने सिराज के खेल के साथ-साथ उनके व्यवहार और सादगी की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि सिराज का चरित्र और उनका सरल स्वभाव दूसरों के लिए मिसाल है। उन्हें विश्वास है कि सिराज आने वाले समय में भारतीय टीम के लिए लंबे वक्त तक खेलेंगे और टीम को और बड़ी सफलताएं दिलाने में अहम भूमिका निभाएंगे।इमरान मसूद का क्या था बयानदरअसल, कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने यह आरोप लगाकर विवाद खड़ा कर दिया कि क्रिकेटर मोहम्मद सिराज को धर्म के कारण न्यूजीलैंड शृंखला के लिए भारतीय टीम से बाहर रखा गया है।

वहीं, भाजपा ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए उन पर राजनीतिक ध्रुवीकरण और तुष्टीकरण का आरोप लगाया। मसूद ने दावा किया कि सिराज का चयन उनकी धार्मिक पहचान के कारण नहीं हुआ। मसूद ने कहा, 'उनका नाम मोहम्मद सिराज है, इसीलिए उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया है।' उनकी टिप्पणी पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए मसूद पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया।बीजेपी ने इमरान मसूद पर साधा निशानायूपी सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण एवं हज राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा, 'इमरान मसूद ध्रुवीकरण और तुष्टीकरण की राजनीति का खतरनाक खेल खेल रहे हैं।

भारत में राष्ट्रीय टीम में लोगों का चयन धर्म के आधार पर नहीं होता।' कांग्रेस पर सांप्रदायिक ध्रुवीकरण को हवा देने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, 'कांग्रेस यह पचा नहीं पा रही है कि देश सबका साथ, सबका विकास के नारे के साथ आगे बढ़ रहा है, इसलिए वह अपना विभाजनकारी खेल खेलने में व्यस्त है।'दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि दशकों तक देश पर राज करने वाली कांग्रेस को सांप्रदायिक राजनीति में लिप्त होने के बजाय यह बताना चाहिए कि उसने अल्पसंख्यक बहुल इलाकों में कितनी खेल अकादमियां बनाईं और देश में खेल ढांचे को बेहतर बनाने के लिए क्या किया।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि मसूद ने चुनाव से पहले ध्रुवीकरण को ध्यान में रखकर यह बयान दिया है। वह खुद को मुस्लिम समुदाय के हिमायती के रूप में पेश करने की कोशिश कर रहे हैं।