कोखराज थाना क्षेत्र के रसूलपुर गिरसा गांव में शुक्रवार रात घर में अकेली महिला की सिर कूचकर निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात के समय महिला का पति, बेटियां और दामाद भरवारी का दशहरा मेला देखने गए थे। रात करीब 10:30 बजे सभी घर लौटे तो आंगन में महिला का खून से लथपथ शव देखकर चीख-पुकार मच गई। रसूलपुर गिरसा निवासी गिरधारी लाल सरोज खेती-किसानी करते हैं।
उनकी पत्नी राजमती (55) और चार बेटियां हैं। इनमें दो बेटियों की शादी हो चुकी है। शुक्रवार को भरवारी में दशहरा मेला लगा था। गिरधारी अपनी चारों बेटियों और दामाद के साथ मेला देखने गए थे। राजमती घर पर अकेली थीं। परिजन रात करीब 10:30 बजे लौटे तो घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला। अंदर आंगन में राजमती का शव पड़ा था।
उनके सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किया गया था। घर में मिट्टी के चूल्हे में आग जल रही थी और पास में सब्जी कटी रखी थी। इससे आशंका जताई जा रही है कि खाना बनाने की तैयारी के दौरान ही हमलावर ने वारदात को अंजाम दिया। सूचना पर एसपी सत्यनारायण, एएसपी अमिता सिंह और सिराथू सीओ सत्येंद्र तिवारी पुलिस बल के साथ पहुंचे।
फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या की वजह और आरोपी का पता नहीं चल सका है। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। खुलासे के लिए तीन टीमें गठित एसपी सत्य नारायण ने बताया कि शुक्रवार की रात्रि लगभग 10:30 के आसपास थाना कोखराज के रसूलपुर गिरसा गांव से एक महिला की अपने घर में अज्ञात व्यक्ति द्वारा सिर कूंच कर हत्या कर देने के संबंध में 112 पर सूचना प्राप्त हुई थी।
पुलिस उच्चाधिकारीगण, फील्ड यूनिट एवं डॉग स्क्वाड के द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण किया गया। मृतका के पति की तहरीर के आधार पर थाना कोखराज में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। घटना के अनावरण के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है।