अमेरिकी नागरिक मैथ्यू वैनडाइक के तिहाड़ जेल में प्रताड़ना के आरोपों को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने खारिज कर दिया है। एजेंसी के महानिदेशक राकेश अग्रवाल ने कहा कि वैनडाइक ने भारत में रहने के दौरान कभी इस तरह की कोई शिकायत नहीं की थी। उन्होंने यह भी बताया कि जमानत मिलने के बाद वैनडाइक अमेरिका से भारत लौटकर एक बार अदालत की कार्यवाही में शामिल हुआ था।अमेरिकी नागरिक मैथ्यू वैनडाइक ने हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कई पोस्ट कर आरोप लगाया था कि भारत में गिरफ्तारी के बाद तिहाड़ जेल में उसके साथ मारपीट की गई।

उसने यह भी दावा किया था कि करीब छह महीने जेल में रहने के दौरान उसे जरूरी चिकित्सा सुविधा तक नहीं दी गई। मार्च में गिरफ्तारी के बाद उसे लगभग छह महीने तिहाड़ जेल में रहना पड़ा था।NIA चीफ बोले- अदालत में पेशी के दौरान भी नहीं उठाया मुद्दाएनआईए के महानिदेशक राकेश अग्रवाल ने शुक्रवार को दिल्ली में दो दिवसीय आतंकवाद रोधी सम्मेलन के समापन पर मीडिया से बातचीत में इन आरोपों पर प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने कहा कि वैनडाइक ने न्यायिक हिरासत के दौरान कथित दुर्व्यवहार की बात कही है, न कि एनआईए पर सीधे तौर पर आरोप लगाए हैं।अग्रवाल के मुताबिक, जांच के दौरान वैनडाइक छह से सात बार अदालत में पेश हुआ, लेकिन उसने किसी भी सुनवाई के दौरान मारपीट या चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने की शिकायत नहीं की थी। उन्होंने बताया कि सितंबर में जमानत मिलने के बाद वैनडाइक अमेरिका भी लौट गया था।

हालांकि, वहां जाने के बाद वह एक बार अदालती कार्यवाही में शामिल होने के लिए भारत आया था।मार्च में NIA ने छह यूक्रेनी नागरिकों के साथ किया था गिरफ्तारएनआईए ने 13 मार्च को मैथ्यू वैनडाइक और छह यूक्रेनी नागरिकों को गिरफ्तार किया था। एजेंसी का आरोप था कि इन लोगों ने वैध यात्रा दस्तावेजों के बिना मिजोरम के रास्ते म्यांमार में प्रवेश किया था।

वहां उन्होंने करीब तीन महीने तक जातीय सशस्त्र समूहों के सदस्यों को ड्रोन संचालन, ड्रोन असेंबल करने और जैमिंग तकनीक का प्रशिक्षण दिया था। जांच एजेंसी के अनुसार, प्रशिक्षण पाने वाले समूहों में चिन नेशनल फ्रंट और काचिन इंडिपेंडेंस आर्मी भी शामिल थे।शुरुआत में एनआईए ने आरोपियों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA की धाराएं लगाई थीं।

हालांकि, बाद में दाखिल आरोपपत्र में इन धाराओं को शामिल नहीं किया गया। सातों आरोपियों के खिलाफ इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट की धारा 21 और 23 के तहत आरोप लगाए गए। ये धाराएं ऐसे अपराधों से संबंधित हैं, जिनमें समझौते के जरिए मामला निपटाने का प्रावधान है।UAPA की धाराएं क्यों नहीं लगाई गईं? NIA ने बताई वजहUAPA की धाराओं को आरोपपत्र में शामिल नहीं किए जाने के सवाल पर राकेश अग्रवाल ने कहा कि आरोपी वैध वीजा पर भारत आए थे, लेकिन इसके बाद अवैध तरीके से म्यांमार में दाखिल हुए और वहां कुछ विद्रोही समूहों को प्रशिक्षण दिया।

उन्होंने बताया कि जांच में यह साबित हो चुका है कि आरोपी वैध वीजा पर भारत आए थे और अवैध रूप से म्यांमार गए थे। इस मामले में आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है।अग्रवाल के मुताबिक, जांच का दूसरा हिस्सा अभी जारी है। इसमें यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपियों ने किन लोगों को प्रशिक्षण दिया था और उनमें से कौन भारतीय विद्रोही समूहों (IIGs) से जुड़े हैं।

उन्होंने कहा कि जब तक प्रशिक्षण पाने वाले लोगों की पहचान नहीं हो जाती, तब तक आरोपियों के खिलाफ UAPA के तहत आरोप तय करना संभव नहीं होगा। इस संबंध में आगे की जांच की जा रही है और बड़ी मात्रा में उपलब्ध डेटा का विश्लेषण किया जा रहा है।24 फरवरी तक अमेरिका में रहने की मिली है अनुमतिदिल्ली की एक अदालत ने पिछले महीने मैथ्यू वैनडाइक को अगले साल 24 फरवरी तक अपने देश अमेरिका में रहने की अनुमति दी थी।

तिहाड़ जेल में प्रताड़ना के आरोप लगाने के बाद क्या वैनडाइक अब भारत लौटेगा? इस सवाल पर एनआईए प्रमुख राकेश अग्रवाल ने कहा कि अगर वह भारत नहीं लौटता है तो कानून अपना काम करेगा।