नई दिल्ली: वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में भारतीय बल्लेबाजों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए रनों का अंबार लगा दिया है। टीम इंडिया ने 166 ओवरों में 9 विकेट खोकर 720 रनों का विशालकाय स्कोर खड़ा कर दिया है जिससे मेजबान कीवी टीम पूरी तरह दबाव में आ गई है।

भारत के टॉप ऑर्डर से लेकर निचले मध्यक्रम तक लगभग हर बल्लेबाज ने क्रीज पर जमकर रन बटोरे और न्यूजीलैंड के गेंदबाजी आक्रमण को पूरी तरह पस्त कर दिया। इसी के साथ पहली पारी में भारत ने 352 रन की लीड हासिल कर ली है।पहले बोला जायसवाल और राहुल का बल्लाभारतीय पारी की शुरुआत यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने बेहद शानदार अंदाज में की।

जायसवाल ने तेजतर्रार रुख अपनाते हुए 89 गेंदों में 16 चौकों की मदद से 85 रन बनाए, जबकि दूसरे छोर पर केएल राहुल ने मैराथन पारी खेलते हुए 290 गेंदों में 9 चौकों और 2 छक्कों के सहारे 136 रनों का शानदार शतक जड़ा। इसके बाद तीसरे नंबर पर देवदत्त पडिक्कल ने 175 गेंदों में 80 रन (10 चौके) बनाए और कप्तान शुभमन गिल ने 146 गेंदों में 9 चौकों व 2 छक्कों की मदद से 98 रनों की बेहतरीन पारी खेली, हालांकि वह महज दो रन से अपने शतक से चूक गए।ऋषभ पंत का भी ऐतिहासिक शतकमध्यक्रम में विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने अपने विस्फोटक अंदाज से मैच का रुख पूरी तरह भारत के पक्ष में मोड़ दिया।

पंत ने महज 153 गेंदों का सामना करते हुए 10 चौकों और 6 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 128 रनों की तूफानी शतकीय पारी खेली। उनका बखूबी साथ देते हुए ध्रुव जुरेल ने भी 79 गेंदों में 78 रन बनाए। इसके अलावा निचले क्रम में अंशुल कंबोज ने 42 गेंदों में 38 रन, वाशिंगटन सुंदर ने 26 गेंदों में 24 रन और आकाश दीप ने महज 5 गेंदों में दो छक्कों की मदद से 13 रनों का उपयोगी योगदान देकर टीम का स्कोर 700 के पार पहुंचाया, जबकि जसप्रीत बुमराह 7 रन बनाकर नाबाद रहे।न्यूजीलैंड के सारे गेंदबाज पिटेन्यूजीलैंड के गेंदबाजों के लिए यह पारी किसी बुरे सपने से कम नहीं रही और सभी सात गेंदबाज भारतीय बल्लेबाजों के सामने बेबस नजर आए।

स्पिनर ग्लेन फिलिप्स (24 ओवर में 154 रन) ने 3 और रचिन रवींद्र (10 ओवर में 44 रन) ने दो विकेट जरूर झटके, लेकिन रनों की रफ्तार पर अंकुश नहीं लगा सके। वहीं तेज गेंदबाजों में जैकब डफी सबसे महंगे साबित हुए, जिन्होंने 33 ओवरों में 201 रन लुटाकर केवल 1 विकेट लिया, जबकि मैट हेनरी (94 रन), काइल जैमीसन (88 रन) और नाथन स्मिथ (84 रन) को भी एक-एक सफलता ही मिल सकी और डेरिल मिचेल 6 ओवर में 39 रन देकर खाली हाथ रहे।