अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को भारत की अर्थव्यवस्था वृद्धि की तारीफ की थी। अब इस मामले पर सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी को घेरा है। भाजपा की तरफ से कहा गया कि भारत की बढ़ती अर्थव्यवस्था की धाक पूरी दुनिया में जम रही है, लेकिन विपक्षी दलों ने इस पर आंखें मूंद रखी है।

गौरतलब है कि पिछली बार जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर तीखा बयान दिया था। उस वक्त विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार को जमकर घेरा था। लेकिन इस बार जब बेहतर बात पर विपक्ष की तरफ से कोई जवाब नहीं आया तो भाजपा ने पलटवार करना शुरू कर दिया।डोनाल्ड ट्रंप द्वारा की गई भारतीय अर्थव्यवस्था की तारीफ पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता आशीष सूद ने राहुल गांधी पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता जानबूझकर भारत की आर्थिक उन्नति को नजरअंदाज कर रहे हैं। उन्होंने लिखा, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की शानदार 7 प्रतिशत जीडीपी ग्रोथ को मान्यता दी है। यह दिखाता है कि भारत की वैश्विक साख बढ़ रही है। जहां भारत की बढ़ती आर्थिक ताकत को पूरी दुनिया मान रही है।

वहीं राहुल गांधी समेत विपक्ष के नेता इस पर आंखें मूंदे हुए हैं।भारत की जीडीपी ग्रोथ की ट्रंप ने की थी तारीफबता दें, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की कम ब्याज दरों की तारीफ करते हुए 7 प्रतिशत ग्रोथ की तारीफ की थी। इसके साथ ही उन्होंने अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ऊंची ब्याज दरों की आलोचना करते हुए कहा था कि उन्हें भी कम करना चाहिए।

ट्रंप का तर्क था कि अगर कर्ज लेने की लागत कम कर दी जाए, तो अमेरिकी अर्थव्यवस्था कहीं अधिक तेजी के साथ विकास करेगी।अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, अगर आप भारत को देखें, तो वहां ब्याज दरें कम हैं और उनकी GDP वृद्धि 7 प्रतिशत है। हमारी GDP वृद्धि 14, 15 या शायद 20 प्रतिशत तक हो सकती थी। यह वाकई दुखद है कि जब हम इतना अच्छा प्रदर्शन कर रहे हों, तब वे (फेडरल रिजर्व) ब्याज दरें बढ़ा देते हैं।

असल बात तो यह है कि हमने इन बाधाओं को पीछे छोड़ दिया है।बता दें, भारत पिछले काफी समय से दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था बना हुआ है। हालांकि, अपने विकसित भारत के सपने को पूरा करने के लिए नई दिल्ली को दो अंकों की ग्रोथ से आगे बढ़ना होगा। फिर भी जहां पूरी दुनिया मंदी की तरफ जाती हुई दिख रही है, वहीं भारत एक नई ऊंचाई को छूता हुआ नजर आ रहा है।

भारत की बढ़ती अर्थव्यवस्था और बड़े बाजार पर पूरी दुनिया की नजर है। वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं पर नजर रखने वाले संस्थानों के मुताबिक भारतीय अर्थव्यवस्था आने वाले समय में भी इसी स्पीड के साथ विकास करती रहेगी।