कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के आवास, उनके काफिले और विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। पुलिस ने इस मामले में 20 साल के युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने इस वारदात को अंजाम देने के लिए ऑटो ड्राइवर के मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया था। हैरानी की बात यह है कि ऑटो ड्राइवर को इस पूरी साजिश की भनक तक नहीं थी।

पुलिस ने जांच के बाद आरोपी की पहचान कार्तिक आर के रूप में की है। वह बेंगलुरु का रहने वाला है और फिलहाल बेरोजगार बताया जा रहा है। पुलिस ने उसे 7 नवंबर को गिरफ्तार किया था। फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में है।पुलिस में दर्ज FIR के मुताबिक, यह घटना 5 नवंबर की शाम करीब 7:20 बजे हुई थी। 26 साल का ऑटो ड्राइवर मल्लेश्वरम इलाके में पैलेस ग्राउंड के पास सवारी का इंतजार कर रहा था।

इसी दौरान उसे नम्मा यात्री ऐप के जरिए बुकिंग मिली। यह बुकिंग कार्तिक के नाम से की गई थी। इसमें अरमाने नगर के 18वें क्रॉस से राजराजेश्वरी नगर स्थित बीएचईएल लेआउट तक जाने की बात कही गई थी। बुकिंग मिलने के बाद ऑटो ड्राइवर बताए गए पिकअप प्वाइंट पर पहुंचा। वहां होम नाम की जगह के पास पहुंचने के बाद उसने ग्राहक को फोन किया, ताकि उसकी सही लोकेशन की जानकारी मिल सके।

फोन उठाने वाले व्यक्ति ने खुद को मुख्यमंत्री के आवास के अंदर मौजूद बताया। ऑटो ड्राइवर को कैसे झांसे में फंसायाकॉल करने वाले व्यक्ति ने ऑटो ड्राइवर से कहा कि वह अपना मोबाइल फोन वहां सुरक्षा बैरिकेड के पास तैनात पुलिसकर्मी को दे दे, ताकि उसे सवारी की सही लोकेशन बताई जा सके। ग्राहक की बात पर भरोसा करके ड्राइवर ने अपना फोन वहां मौजूद पुलिसकर्मी को सौंप दिया।

पुलिसकर्मी ने फोन पर उस व्यक्ति से बातचीत की। हालांकि, बातचीत के कुछ ही देर बाद पुलिसकर्मियों ने ऑटो की जांच शुरू कर दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से ड्राइवर हैरान रह गया। जब उसने पुलिसकर्मियों से इसकी वजह पूछी तो उसे बताया गया कि फोन करने वाले व्यक्ति ने मुख्यमंत्री के आवास और विधान सौधा में बम लगाने की धमकी दी है।

उसने यह भी दावा किया था कि मुख्यमंत्री का काफिला जब उस इलाके से गुजरेगा, तब धमाका किया जाएगा।पूरी घटना की जांच में जुटी पुलिसरिपोर्ट के मुताबिक, यह सुनकर ऑटो ड्राइवर ने तुरंत पुलिस को बताया कि उसका धमकी देने वाले व्यक्ति से कोई संबंध नहीं है। उसने नम्मा यात्री ऐप पर हुई बुकिंग की जानकारी भी दिखाई और बताया कि वह केवल सवारी लेने के लिए वहां पहुंचा था।

घटना के बाद ऑटो ड्राइवर ने पुलिस को शिकायत देने की बात कही, लेकिन परिवार के एक सदस्य की मेडिकल इमरजेंसी के कारण वह तुरंत थाने नहीं जा सका। इसके बाद उसने 7 नवंबर को पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई और सवारी बुक करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।शुरुआत में पुलिस ने इस मामले में नॉन-कॉग्निजेबल रिपोर्ट (NCR) दर्ज की।

इसके बाद अदालत से इजाजत मिलने पर एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और कॉल व बुकिंग से जुड़े सुरागों के आधार पर आरोपी तक पहुंच गई। जांच के बाद कार्तिक आर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि उसने ऑटो ड्राइवर के फोन का इस्तेमाल करके धमकी देने की योजना क्यों बनाई थी और इस पूरी घटना के पीछे उसका मकसद क्या था।

शुरुआती जांच में पुलिस को संकेत मिले हैं कि आरोपी मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी किसी समस्या से जूझ रहा हो सकता है।