हेरोइन की तस्करी से अकूत संपत्ति खड़ी करने वाले डाला निवासी दंपती पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नशे के अवैध कारोबार से अर्जित कमाई से बनाया गया 87 लाख रुपये से अधिक कीमत का आलीशान मकान रविवार को कुर्क कर लिया गया। सीओ सिटी रणधीर मिश्रा के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने एसडीएम ओबरा रवि कुमार की मौजूदगी में यह कार्रवाई की।

पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ(2) के तहत संपत्ति फ्रीज करने का आदेश लागू कराया। पुलिस के अनुसार, आरोपी सुधीर उर्फ छोटे और उसकी पत्नी सुनीता देवी उर्फ बुचिया ने हेरोइन की तस्करी से अर्जित धनराशि से डाला चढ़ाई के पास आलीशान मकान बनवाया था। इसकी वर्तमान कीमत 87,04,283 रुपये आंकी गई है। जांच में अवैध कमाई से संपत्ति अर्जित किए जाने के साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने सक्षम प्राधिकारी के समक्ष रिपोर्ट प्रस्तुत की थी।

वहां से आदेश मिलने के बाद रविवार को मकान कुर्क करने की कार्रवाई की गई।