डेढ़ फीट जमीन के विवाद में पंचायत के दौरान स्कॉर्पियो से लोगों को रौंदने की घटना में गंभीर रूप से घायल 68 वर्षीय राजनाथ यादव की भी मौत हो गई। रविवार शाम वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रामा सेंटर में उन्होंने अंतिम सांस ली। इसके साथ ही इस घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। वहीं, हादसे में घायल चार अन्य लोगों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
बुजुर्ग की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के चक मुस्तफाबाद गांव में 18 नवंबर को डेढ़ फीट जमीन के विवाद को सुलझाने के लिए पंचायत बुलाई गई थी। सड़क किनारे सुबह करीब साढ़े 11 बजे दोनों पक्षों के लोग बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान नरेंद्र यादव का बेटा राम यादव स्कॉर्पियो लेकर पहुंचा और पंचायत में मौजूद लोगों को वाहन से रौंद दिया।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। गंभीर रूप से घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया।