पुलिस के मुताबिक गत 14 जुलाई को बभनी थाना क्षेत्र के जौराही निवासी किस्मत देवी ने बभनी थाने पहुंचकर तहरीर दी थी। बताया कि उनकी पुत्री मंजू देवी खरवार (30) को उनके ही गांव की मंजू देवी गोंड पत्नी राजेंद्र गोंड शादी कराने की बात कहकर पांच साल पहले वाराणसी ले गई थी। उसके बाद से उसका पता नहीं चल रहा है।
मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की लेकिन परिवार वालों के पास उसकी काेई फोटो ही नहीं थी। काफी प्रयास के बाद भी जब कोई तस्वीर नहीं मिली, तब उसके अध्ययन वाले विद्यालय से संपर्क साधा गया। वहां रिकार्ड खंगालने पर वर्ष 2007 में भरे गए छात्रवृत्ति फार्म पर बचपन की एक तस्वीर लगी पाई गई थी। उसके आधार पर वर्तमान उम्र करीब 30 वर्ष में महिला की पहचान करना चुनौतीपूर्ण था।
ऐसे समय में कांस्टेबल विजय पांडेय ने बचपन की फोटो और उसके माता-पिता, बहन की फोटो का इस्तेमाल करते हुए चैट जीपीटी और गूगल जेमिनी की सहायता से महिला की वर्तमान उम्र के अनुरूप संभावित तस्वीर तैयार की। जब यह तस्वीर परिवार वालों को दिखाई गई तो उन्होंने उसे मंजू की तस्वीर होने की बात प्रमाणित की। इसके बाद कांस्टेबल विजय पांडेय को पीड़िता की पहचान और उसके बारे में जानकारी जुटाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
आधुनिक तकनीक और पुलिस के नेटवर्क का इस्तेमाल करते हुए विजय राजस्थान के चूरू जनपद पहुंचे। वहां हमीरवास थाना क्षेत्र के गोविंद सिंह का बास गांव पहुंचकर लापता बताई जा रही महिला को सकुशल बरामद किया गया। जानकारी करने पर पता चला कि वह वहां अपने पति उमेंद्र के साथ विवाहित जीवन व्यतीत कर रही है और उसके दो बच्चे भी हैं।
एसपी अभिषेक वर्मा ने कहा कि आरक्षी विजय पांडेय ने जिस तरह से एआई तकनीक का अभिनव एवं प्रभावी उपयोग करते हुए लापता महिला की बरामदगी में योगदान दिया। वह सराहनीय है। बताया कि उन्हें प्रशस्ति पत्र और 21 सौ रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। डीजीपी की ओर से भी पांच हजार रुपये का पुरस्कार मिला है।