परिसीमन को लेकर मचे बवाल के बीच पवार परिवार में भी मतभेद सामने आ रहा है। रोहित पवार ने इसको लेकर सुप्रिया सुले को चिट्ठी लिखी है। इसमें उन्होंने एनसीपी सांसदों से डिलिमिटेशन बिल के खिलाफ वोट डालने को कहा है। रोहित ने लिखा है कि आज यह पत्र लिखते समय मन में बहुत बेचैनी और तकलीफ है। हमारे नेता शरदचंद्र पवार साहब इस समय अस्वस्थ हैं।

ऐसे में वह कोई भी रणनीतिक निर्णय लेने की स्थिति में नहीं हैं। साहब की इस स्थिति ने हम सभी के मन में चिंता पैदा कर दी है, लेकिन यह विश्वास भी है कि वे जल्दी ही पूरी तरह ठीक हो जाएंगे। लेकिन ऐसे कठिन समय में, फिलहाल ‘डिलीमिटेशन’ बिल को समर्थन देने को लेकर चल रही चर्चा ने राज्य में प्रगतिशील विचारों को मानने वाले जनता को बड़ा झटका दिया है।भाजपा की मंशा पर उठाया सवालरोहित ने आगे लिखा कि संघीय सिस्टम को नुकसान पहुंचाने वाले और 2011 में हुए 15 साल पुराने जनगणना के आधार पर बने इस विधेयक के चलते अनुसूचित जातियों-जनजातियों (SC/ST) को उनकी जनसंख्या के अनुपात में सीटें नहीं मिलेंगी।

यह अन्याय उन्हें अगले 25 साल तक सहन करना पड़ेगा। वास्तव में नई जनगणना के आधार पर जाति-वार सही आंकड़े सामने आएंगे। उन्होंने लिखा कि सच तो यह है कि अगर सरकार ने समय पर यह जनगणना कराई होती तो यह पहले ही हो चुका होता। अब देर से ही सही, लेकिन जनगणना शुरू हो चुकी है और उसके आधार पर 2027 में निर्वाचन क्षेत्रों का संवैधानिक तरीके से पुनर्गठन होगा।

फिर आज भाजपा की तरफ से इसके लिए इतनी जल्दी क्यों की जा रही है, इसके पीछे का छुपा मकसद भी समझना जरूरी है।ज्ञानेश कुमार का भी लिया नामरोहित ने अपने इस पत्र में लिखा है कि यह साफ है कि वर्तमान निर्वाचन क्षेत्र से सत्ता में बैठे सांसद नहीं जीतने वाले हैं और देशभर में लोगों का बढ़ता विरोध भी खुलेआम दिख रहा है, इसलिए भाजपा को यह जल्दी हो रही है, यह छिपा नहीं है।

आज भाजपा ने ज्ञानेश कुमार की मदद से वोटों की चोरी करके कई राज्यों में विधानसभा चुनाव जीत लिए। अब तो संविधान को नकार कर ‘गोकुल’ जैसी सहकारी संस्था पर भी डाका डाला। उन्होंने लिखा कि यह भाजपा की असली प्रवृत्ति है, ऐसे में कोई भी विश्वास नहीं कर सकता कि निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्गठन पारदर्शी ढंग से होगा।

इसलिए आज मीठे बोलने वाली भाजपा निर्वाचन क्षेत्र पुनर्गठन करते समय असली चाल चलती है, इसका अनुभव पूरे देश ने असम में जेरी मैन्डरिंग पद्धति से भाजपा द्वारा किए गए निर्वाचन क्षेत्रों के नक्शे से देखा है।महिला आरक्षण और डिलिमिटेशन में संबंध नहींरोहित ने अपने पत्र में लिखा है कि डिलिमिटेशन बिल और महिला आरक्षण के बीच कोई संबंध ही नहीं है।

उन्होंने लिखा कि भाजपा की तरफ से डिलिमिटेशन बिल और महिला आरक्षण को जोड़ने की कोशिश की जा रही है। असल में महिला आरक्षण और डिलिमिटेशन बिल का कोई संबंध नहीं है। 2023 में ही महिला आरक्षण बिल संसद ने पास किया है और हमारे पार्टी ने भी इस बिल को समर्थन दिया है। इसलिए इस वक्त भी इसे लागू किया जा सकता है, तो फिर इसे क्यों नहीं किया जा रहा?घुटनों पर ला चुकी है जनतारोहित पवार के मुताबिक भाजपा के कई नेता 2024 में 400 पार का नारा देते हुए संविधान बदलने की बात खुले तौर पर कर रहे थे।

इसे ध्यान में रखते हुए देश की जनता उन्हें घुटनों पर लेकर आई। उन्होंने लिखा कि संविधान बदलने का भाजपा का असली एजेंडा अब भी बना हुआ है और इसके लिए ही डिलीमिटेशन के माध्यम से गैरकानूनी तरीके से अपने पसंदीदा निर्वाचन क्षेत्रों का निर्माण कर संविधान बदलने का अपना अधूरा सपना पूरा करने की यह उनकी बेवकूफाना कोशिश नजर आती है।

अगर भाजपा के पास लोकतंत्र और संविधान के प्रति सच्चा प्यार और निष्ठा है, तो डिलीमिटेशन कमिटी का अध्यक्ष पद विरोधी पार्टी के नेता को देंगे या नहीं, इसका जवाब मिलना चाहिए और इसी जवाब के जरिए उनका इरादा साफ होगा।