राज्यसभा सांसद जावेद अली खान के बेटे के शादी समारोह में सपा मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के पहुंचते ही उन्हें देखने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान हुई धक्का-मुक्की और आपाधापी के बीच जेबकतरों ने कई लोगों की जेब पर हाथ साफ कर दिया। पूर्व मंत्री हाजी इकराम कुरैशी की जेब से 27500 रुपये गायब हो गए, जबकि दो मीडिया कर्मियों ने भी अपने जरूरी कागजात और मोबाइल फोन गायब होने की शिकायत की।
मौके पर कुछ अन्य लोगों ने भी मोबाइल और सामान गायब होने की बात कही। शनिवार दोपहर बहजोई स्थित रिसॉर्ट में शादी समारोह के दौरान अखिलेश यादव पहुंचे थे। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इसके बाद मीडिया से बातचीत के दौरान रिसॉर्ट परिसर में काफी भीड़ जमा हो गई। पूर्व मुख्यमंत्री को देखने और उनके साथ मुलाकात करने की आपाधापी के बीच लोगों को अपनी जेब कटने का पता तक नहीं चला।
पूर्व मंत्री हाजी इकराम कुरैशी के मुताबिक उनकी दो जेबों से नकदी गायब हो गई। इसमें एक जेब में 25 हजार रुपये और दूसरी में करीब ढाई हजार रुपये रखे थे। भीड़ से हटने के बाद उन्होंने जेब देखी तो नकदी गायब मिली। पत्रकार सोनू वार्ष्णेय ने बताया कि उनके जरूरी कागजात गायब हो गए हैं। इसके अलावा अंकुर गोयल का मोबाइल फोन भी भीड़ के बीच गायब हो गया।
इसके अलावा कुछ अन्य लोगों ने भी अपने मोबाइल और सामान गायब होने की शिकायत की। घटना के बाद समारोह में पहुंचे लोगों के बीच जेब कटने और सामान चोरी होने की चर्चा रही।