मुट्ठीगंज स्थित एक स्कूल में बृहस्पतिवार कक्षा आठ के एक छात्र के बैग से तीन देसी बम मिले। छात्र कक्षा के ही एक अन्य विद्यार्थी को डराने के लिए बम लेकर स्कूल पहुंचा था। पुलिस ने स्कूल कर्मचारी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर छात्र को बाल सुधार गृह भेज दिया है। छात्र के पिता कोरांव स्थित एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक हैं, जबकि मां गृहिणी हैं।
सूत्रों के मुताबिक, छात्र जब स्कूल पहुंचा तो एक अन्य विद्यार्थी को उसके बैग में संदिग्ध सामान होने का शक हुआ। इसके बाद बैग की तलाशी ली गई तो तीन देसी बम मिले। स्कूल प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बम कब्जे में ले लिए। पुलिस पूछताछ में छात्र ने बताया कि उसने खुद ही बम बनाए हैं। हालांकि, पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है।
आशंका है कि कहीं छात्र डर, दबाव या किसी धमकी में ऐसा बयान तो नहीं दे रहा है या फिर उसे बम किसी अन्य व्यक्ति ने तो नहीं दिए। जांच में पता चला कि छात्र स्कूल के ही दूसरे विद्यार्थी को डराने के लिए बम लेकर पहुंचा था, दोनों पहले अच्छे दोस्त थे। कुछ दिन पहले किसी बात को लेकर उनके बीच दो-तीन बार कहासुनी और मारपीट हुई।
इसके बाद छात्र ने उसे डराने की योजना बनाई और तीन देसी बम लेकर स्कूल पहुंच गया। चर्चा है कि दो बच्चों को स्कूल से निकाल दिया गया है। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। छात्र ने कहां से सीखा बम बनाना? पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि अगर छात्र का खुद बम बनाने का दावा सही है तो उसने बम बनाना कहां से सीखा?
क्या किसी ने उसे इसकी जानकारी दी थी या वह किसी के संपर्क में आकर ऐसा किया। एसीपी अतरसुइया एस दीप्ति चौहान ने बताया कि छात्र के पास बम कहां से आया, इसकी जांच की जा रही है। छात्र और उसके पिता से भी पूछताछ की गई है। बहरहाल, प्राथमिकी दर्ज कर छात्र को बाल सुधार गृह भेजा गया है।