इटावा जिले की ताखा तहसील में पैमाइश के नाम पर रिश्वत लेने के आरोप में राजस्व निरीक्षक को कानपुर की विजिलेंस टीम ने शुक्रवार दोपहर रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी रामगोपाल को शिकायतकर्ताओं से 30 हजार रुपये लेते हुए पकड़ा गया। टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली। अचानक हुई कार्रवाई से तहसील परिसर में खलबली मच गई।

क्षेत्र के कुरखा गांव निवासी दुष्यंत कुमार और नीरज शुक्ला ने राजस्व निरीक्षक रामगोपाल के खिलाफ विजिलेंस टीम से शिकायत की थी। शिकायत के मुताबिक, गांव में एक गाटा संख्या की पैमाइश कराने के नाम पर राजस्व निरीक्षक ने करीब एक माह पहले उनसे 20 हजार रुपये ले लिए थे। इसके बावजूद पैमाइश करने के लिए 50 हजार रुपये की अतिरिक्त मांग की जा रही थी।