ईटानगर: अरुणाचल प्रदेश में प्रस्तावित सियांग बांध को लेकर स्थानीय लोगों और सरकार के बीच टकराव बढ़ता जा रहा है। अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सियांग जिले में 11200 मेगावाट की 'सियांग अपर मल्टीपर्पज प्रोजेक्ट' के खिलाफ विरोध तेज हो गया है। गांव के लोग अपनी पुश्तैनी जमीन और घर छोड़ने को तैयार नहीं हैं। मंगलवार को राज्य सरकार और केंद्रीय विद्युत मंत्रालय के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में सिमोंग गांव के मुखिया तान्यो लिपिर ने कड़े शब्दों में अपना विरोध जाहिर किया।

उन्होंने कहा कि सरकार उन्हें टुकड़ों में काटकर फेंक सकती है, लेकिन वे अपने घर और खूबसूरत जगह छोड़कर नहीं जाएंगे।बैठकों में भी नहीं बनी बातसूत्रों के मुताबिक, परियोजना के लिए प्री-फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार करने के उद्देश्य से ड्रिलिंग साइटों के आसपास गांवों में बैठकें की गईं। सोमवार और मंगलवार को अधिकारियों ने गांव के कई मुखिया से बातचीत कर समर्थन जुटाने की कोशिश की लेकिन ज्यादातर ने इस परियोजना को खारिज कर दिया।

बांध विरोधी आंदोलन के प्रमुख केंद्र गेकू के निवासियों ने बुधवार को होने वाली बैठक का भी बहिष्कार कर दिया। इस बैठक में डिविजनल कमिश्नर अमजद टाक और विद्युत मंत्रालय के निदेशक सागर सिंह कलसी शामिल होने वाले थे। प्रस्तावित जलाशय गेकू के पास यिंगकियोंग से करीब 35 किलोमीटर नीचे की ओर बनाया जाना है।अमित शाह के बातचीत के प्रस्ताव को भी ठुकराया'आदि बाने केबांग यूनाइटेड' ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बातचीत के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है।

संगठन के प्रवक्ता दातिक रतन ने शाह पर आदिवासियों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि चीन की ओर बन रहे बड़े बांध से सुरक्षा देने के नाम पर सियांग बांध बनाया जा रहा है लेकिन अगर स्थानीय लोग ही अपनी जमीन से उजड़ जाएंगे तो ऐसी सुरक्षा का क्या मतलब रह जाएगा। 21 नवंबर को ईटानगर दौरे के दौरान अमित शाह ने परियोजना को भारत की ऊर्जा सुरक्षा और रणनीतिक हितों के लिए महत्वपूर्ण बताया था।

उन्होंने प्रभावित समुदायों को भरोसे में लिए बिना आगे नहीं बढ़ने और उनकी संस्कृति व धार्मिक पहचान सुरक्षित रखने का आश्वासन दिया था। साथ ही केंद्र की ओर से देश का सबसे आकर्षक पुनर्वास पैकेज देने की बात कही थी।