अमेरिका की ट्रंप सरकार ने भारतीय सामान पर 25 प्रतिशत तक अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव देकर नई दिल्ली को एक नई और गंभीर चुनौती दे दी है। संयुक्त राज्य व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) की 25 नवंबर की घोषणा ने दोनों देशों के बीच पहले से चल रहे व्यापार तनाव को फिर से बढ़ा दिया है। अमेरिका का कहना है कि भारत की मैन्युफैक्चरिंग नीति, बाजार तक पहुंच और कथित रूप से अतिरिक्त उत्पादन क्षमता को लेकर चिंताएं हैं।अमेरिका ने 25 प्रतिशत तक के टैरिफ रेट का प्रस्ताव रखा है।
हालांकि इसमें एक शर्त भी जोड़ी गई है। अगर भारत जांच के दौरान उठाई गई चिंताओं को दूर करने के लिए अमेरिका के साथ एक आपसी (रेसिप्रोकल) व्यापार समझौता कर लेता है, तो यह अतिरिक्त टैरिफ दर 17 प्रतिशत तक कम की जा सकती है।दूसरी ओर भारत ने अतिरिक्त क्षमता के आरोपों को साफ तौर पर खारिज कर दिया है। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने कहा है कि भारत ने पूरी जांच प्रक्रिया के दौरान लगातार यह स्पष्ट किया है कि उसके किसी भी क्षेत्र में 'स्ट्रक्चरल अतिरिक्त क्षमता' नहीं है।
मंत्रालय ने भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते को जल्द से जल्द पूरा करने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई है।फिर भी, भारत के पास सिर्फ रक्षात्मक रुख अपनाने के अलावा कई व्यावहारिक विकल्प मौजूद हैं। आइये जानते हैं कि भारत के पास अब क्या-क्या विकल्प मौजूद हैं, और किस तरह जवाब दे सकता है…जवाबी टैरिफभारत का सबसे सीधा तरीका यह हो सकता है कि वह कुछ चुनिंदा अमेरिकी सामानों पर ज्यादा शुल्क लगा दे।
इससे भारतीय बाजार में बेचने वाले अमेरिकी निर्यातकों को नुकसान होगा। भारत ने पहले भी ऐसा किया है। जून 2019 में भारत ने 28 अमेरिकी उत्पादों पर जवाबी टैरिफ लगाए थे। तब अमेरिका ने भारत को मिलने वाली ट्रेड सुविधाएं वापस ले ली थीं और भारतीय स्टील व एल्युमीनियम पर अतिरिक्त शुल्क बनाए रखा था।इन उत्पादों में बादाम, अखरोट, सेब, चना, दाल, बोरिक एसिड और कुछ रसायन शामिल थे।
मकसद था कि अमेरिका के उन क्षेत्रों पर असर पड़े जिनका वहां राजनीतिक और व्यावसायिक महत्व है। भारत ने सितंबर 2023 में छह व्यापार विवादों के बड़े समझौते के बाद ये शुल्क हटा दिए थे। ऐसा जवाब देना संभव है, लेकिन इसमें जोखिम भी है। अमेरिकी निर्यातकों को ज्यादा लागत का सामना करना पड़ सकता है। साथ ही मशीनरी, तकनीक और कृषि उत्पादों के लिए अमेरिका पर निर्भर भारतीय कंपनियों पर भी असर पड़ सकता है।
नई टैरिफ लड़ाई बातचीत को और मुश्किल बना सकती है।मामला विश्व व्यापार संगठन तक ले जाएंभारत अमेरिका के प्रस्तावित कदमों को विश्व व्यापार संगठन में चुनौती दे सकता है। तर्क यह हो सकता है कि एकतरफा व्यापार प्रतिबंध अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन करते हैं। अमेरिका 1974 के ट्रेड एक्ट के सेक्शन 301 का इस्तेमाल कर रहा है।
यह कानून अमेरिका को उन तरीकों की जांच करने और कार्रवाई करने की अनुमति देता है जिन्हें वह गलत या भेदभावपूर्ण मानता है।भारत सवाल उठा सकता है कि क्या बिना बहुपक्षीय नियमों का पालन किए घरेलू कानून से अतिरिक्त शुल्क लगाना सही है। भारत और अमेरिका पहले भी स्टील, एल्युमीनियम, सोलर उत्पादों और अन्य मुद्दों पर एक-दूसरे को WTO ले जा चुके हैं।
2023 में छह विवाद बातचीत से सुलझाए गए थे। हालांकि WTO का रास्ता न तेज है और न आसान। इसके विवाद निपटान प्रणाली में समस्याएं हैं क्योंकि अपीलेट बॉडी काम नहीं कर रही।व्यापार समझौते को बातचीत के हथियार के रूप में इस्तेमाल करेंसबसे व्यावहारिक विकल्प है कि चल रही द्विपक्षीय व्यापार समझौते की बातचीत का इस्तेमाल किया जाए।
भारत और अमेरिका बाजार तक पहुंच बढ़ाने और व्यापार बाधाएं कम करने के लिए समझौते पर काम कर रहे हैं। 25 प्रतिशत और सशर्त 17 प्रतिशत के बीच का अंतर भारत के लिए बातचीत में एक अतिरिक्त मुद्दा बन सकता है। भारत टैरिफ में राहत, संवेदनशील क्षेत्रों के लिए छूट, निर्यातकों के लिए ज्यादा निश्चितता और एकतरफा कार्रवाई से सुरक्षा की मांग कर सकता है।
वह अमेरिकी बाजार में अपने सामान और सेवाओं के लिए बेहतर पहुंच भी मांग सकता है। भारत सरकार पहले ही कह चुकी है कि व्यापार संबंधी चिंताएं आपसी बातचीत से सुलझानी चाहिए। चुनौती यह होगी कि कृषि और डेयरी जैसे संवेदनशील क्षेत्रों से समझौता किए बिना समझौता हो।निर्यात बाजारों में विविधता लाएं और अमेरिका पर निर्भरता घटाएंअमेरिका भारत के सबसे बड़े व्यापारिक साझेदारों में से एक है।
इसलिए अमेरिकी मांग को पूरी तरह बदलना मुश्किल है। लेकिन यूरोपीय संघ, ASEAN, अफ्रीका, पश्चिम एशिया और लैटिन अमेरिका के साथ संबंध मजबूत करने से भारतीय निर्यातकों के पास ज्यादा विकल्प आ सकते हैं।ब्रिटेन और EFTA देशों के साथ हाल के व्यापार समझौते, और अन्य साझेदारों के साथ चल रही बातचीत, निर्यात आधार बढ़ाने के मौके देते हैं।
भारत घरेलू मांग बढ़ाने, क्रेडिट सहायता, लॉजिस्टिक्स सुधार और बाजार विविधता कार्यक्रमों के जरिए निर्यातकों की मदद भी बढ़ा सकता है। इससे अमेरिकी टैरिफ का असर तुरंत खत्म नहीं होगा, लेकिन लंबे समय में एक बाजार पर बहुत ज्यादा निर्भर रहने का जोखिम कम हो सकता है।रणनीतिक और कूटनीतिक साझेदारी के जरिए अमेरिका को चुनौती देंभारत इस मुद्दे को उन देशों के सामने भी उठा सकता है जो अमेरिका की इसी तरह की जांच का सामना कर रहे हैं, और मिलकर कूटनीतिक जवाब दे सकता है।
25 नवंबर की USTR कार्रवाई में 14 अर्थव्यवस्थाएं शामिल हैं, जिनमें चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, वियतनाम, बांग्लादेश और कई यूरोपीय व दक्षिण-पूर्व एशियाई देश हैं। भारत G20, WTO और अन्य बहुपक्षीय मंचों के जरिए पारदर्शी व्यापार नियमों की वकालत कर सकता है और संरक्षणवादी नीतियों का विरोध कर सकता है। वह चीन का विकल्प ढूंढ रहे देशों के साथ व्यापार और निवेश साझेदारी भी मजबूत कर सकता है।