कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेताओं की मुश्किलें बढ़ गईं हैं। सीजेपी सह-संयोजक सौरभ दास के अलावा अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका के खिलाफ भी लुकआउट नोटिस जारी किया गया है। इसका मतलब है कि सीजेपी के तीनों बड़े नेताओं के देश छोड़ने पर फिलहाल 'बैन' लग गया है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक,मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मुंबई के शिवाजी पार्क में 2 अक्टूबर को बिना इजाजत किए गए विरोध प्रदर्शन को लेकर दर्ज एफआईआर के सिलसिले में लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है।

दीपके और रांका के खिलाफ लुकआउट नोटिस की बात ऐसे समय पर सामने आई है जब गुरुवार को ही दिल्ली हाई कोर्ट में बताया गया कि सौरभ दास के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है।लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) एक अलर्ट है जो भारतीय आव्रजन चेकपॉइंट्स जैसे अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बंदरगाहों और सीमाओं पर मौजूद चेकपॉइंट्स पर भेजा जाता है।

जब यह किसी व्यक्ति के नाम जारी किया जाता है तो इसका मतलब होता है कि वह देश से बाहर नहीं जा सकता है।क्या हुआ था 2 अक्टूबर को?सीजेपी नेताओं ने मुंबई पुलिस की ओर से अनुमति नहीं दिए जाने के बाद भी सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ शिवाजी पार्क में जुटान किया था। प्रदर्शन के बाद सीजेपी नेताओं ने मुंबई पुलिस की तारीफ की थी और दिल्ली पुलिस पर तंज कसा था कि उन्हें सीख लेनी चाहिए।

हालांकि बाद में मुंबई पुलिस ने प्रदर्शन के आयोजकों और 400-500 अज्ञात प्रदर्शनकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने बीएनएस की धारा 189 और 223 के तहत केस दर्ज किया। अब इसी मामले में लुकआउट सर्कुलर जारी करने की बात भी सामने आई है।सौरभ दास को लंदन जाने से रोका गया, अदालत में आई एलओसी वाली बातसीजेपी के सह-संयोजक सौरभ दास को सोमवार देर रात लंदन जाने से रोक दिया गया।

बुधवार को विदेश मंत्रालय ने सौरभ दास के पासपोर्ट में कुछ विसंगतियों की शिकायत मिलने के बात कही। गुरुवार को दिल्ली हाई कोर्ट में सीजेपी नेता की याचिका पर सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार ने बताया कि सौरभ दास के खिलाफ एलओसी जारी किया गया है। सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार के वकील ने कहा कि दास के खिलाफ एलओसी जारी करने के लिए महाराष्ट्र पुलिस की ओर से अनुरोध किया गया था और यह 22-23 नवंबर की दरमियानी रात को जारी किया गया था।

दूसरी तरफ सौरभ दास को अपने पासपोर्ट में कथित विसंगतियों का जवाब देना है और इसको लेकर साक्ष्य पेश करने होंगे। केंद्र सरकार के वकील ने दलील दी कि पासपोर्ट में बताई गई कथित विसंगतियों का दास की नागरिकता पर असर पड़ सकता है।