जानकारी के अनुसार, मारहरा क्षेत्र के गांव मीरा सराय निवासी आकाश पुत्र राकेश की शादी 14 नवंबर 2021 को चमन नगरिया निवासी सोनी पुत्री रामशरन के साथ हुई थी। पारिवारिक विवाद के चलते बीते तीन वर्षों से दोनों के बीच मामला न्यायालय में विचाराधीन है। सोनी को जानकारी मिली कि उसका पति सामूहिक विवाह कार्यक्रम में दूसरी शादी कर रहा है।

इस पर वह मौके पर पहुंच गई। सोनी का आरोप है कि बिना तलाक दिए दूसरी शादी करने के साथ ही युवक सरकारी योजना का अनुचित लाभ उठाने का प्रयास कर रहा था। वहीं, सामूहिक विवाह कार्यक्रम में अपनी बेटी की शादी कराने पहुंचे नगला हमीर निवासी कमल सिंह ने बताया कि उन्होंने ऑनलाइन आवेदन सहित सभी औपचारिकताएं पूरी की थीं।

कार्यक्रम में युवक और युवती के बैठने के बाद शादी की रस्में शुरू हुईं। इसी दौरान युवक ने युवती की मांग भर दी। तभी पहली पत्नी के पहुंचने और पुलिस को सूचना देने पर पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। कमल सिंह के अनुसार, उन्हें युवक के पहले से शादीशुदा होने की जानकारी नहीं थी। करीब पांच साल पहले भी दोनों परिवारों के बीच रिश्ता तय करने की बात चली थी, लेकिन दहेज की मांग के कारण बात आगे नहीं बढ़ सकी थी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।