इस अभियान की खास बात यह है कि इसमें केवल इस्लामी साहित्य ही नहीं, बल्कि हिंदू, ईसाई और सिख धर्म के प्राचीन धार्मिक ग्रंथों को भी जगह दी गई है। इनमें श्रीमद्भगवद्गीता, वेद, रामायण, बाइबल और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जैसे महत्वपूर्ण ग्रंथ शामिल हैं।हजारों किताबें बाजार में नहीं मौजूद दारुल उलूम की लाइब्रेरी में अलग-अलग भाषाओं और विषयों की ऐसी हजारों पुस्तकें मौजूद हैं, जिनमें से कई अब बाजार में उपलब्ध नहीं हैं।

समय के साथ इनके पन्ने खराब होने और मूल प्रतियों के नष्ट होने का खतरा बना हुआ है। इसी को देखते हुए संस्था ने इन पुस्तकों को स्कैन कर डिजिटल स्वरूप में सुरक्षित रखने का काम शुरू किया है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इस दुर्लभ साहित्य तक पहुंच सकें।1870 की बाइबिल से शुरू हुआ संरक्षण का काम लाइब्रेरी में इन दिनों 1870 में प्रकाशित करीब डेढ़ हजार पन्नों वाली बाइबिल की स्कैनिंग की जा रही है।

यह पुस्तक अपने पुराने प्रकाशन काल और ऐतिहासिक महत्व के कारण खास मानी जा रही है। इसके प्रत्येक पन्ने को डिजिटल स्वरूप में सुरक्षित किया जा रहा है। लाइब्रेरी में इस्लामी साहित्य के तहत तफ्सीर, हदीस और फिक्ह से जुड़ी कई प्राचीन पुस्तकें भी मौजूद हैं, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से संरक्षित किया जाएगा। एक छत के नीचे कई धर्मों के दुर्लभ ग्रंथ दारुल उलूम की लाइब्रेरी में केवल इस्लामी किताबें ही नहीं, बल्कि दूसरे धर्मों के महत्वपूर्ण ग्रंथ भी लंबे समय से सुरक्षित हैं।

लाइब्रेरी इंचार्ज मौलाना शफीक ने बताया कि यहां श्रीमद्भगवद्गीता, ऋग्वेद, वाल्मीकि रामायण, तुलसीदास रामायण, श्रीमद्भागवत और सिख समाज के पवित्र ग्रंथ श्री गुरु ग्रंथ साहिब जैसी पुस्तकें मौजूद हैं। इन्हें भी स्कैन कर डिजिटल स्वरूप में संरक्षित करने की योजना है।देश-विदेश से शोध करने पहुंचते हैं विद्वान लाइब्रेरी में मौजूद दुर्लभ पुस्तकों का महत्व केवल धार्मिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि ऐतिहासिक और अकादमिक नजरिये से भी है।

इन पर शोध करने के लिए देश-विदेश से विद्वान और शोधार्थी देवबंद पहुंचते हैं। कई पुस्तकों की मूल प्रतियां अब आसानी से उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में उनका डिजिटल संरक्षण शोधकर्ताओं के लिए भी उपयोगी साबित होगा।किताबों के साथ इतिहास को बचाने की कोशिश दारुल उलूम की यह पहल महज पुरानी किताबों की स्कैनिंग तक सीमित नहीं है।

यह अलग-अलग धर्मों, भाषाओं और परंपराओं से जुड़ी ज्ञान की विरासत को सुरक्षित रखने का प्रयास है। डिजिटल प्रतियां तैयार होने से दुर्लभ पुस्तकों की विषयवस्तु लंबे समय तक सुरक्षित रह सकेगी और भविष्य में जरूरत पड़ने पर उनका अध्ययन भी किया जा सकेगा।