कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बुधवार को महाराष्ट्र के नागपुर शहर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया, जिसमें उन्होंने एक दिन बाद यानी गुरुवार को यहां होने वाली 'लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ' रैली के आयोजन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस रैली में अभिनेता और एक्टिविस्ट प्रकाश राज और पार्टी के सह-संयोजक आशुतोष रांका भी शामिल होंगे।

इस रैली के आयोजन की वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि देश में एक-एक करके लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है।आगे उन्होंने कहा, 'बाबा साहब के विचारों को खत्म करने की कोशिश की जा रही है, बाबा साहब के संविधान को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन इस देश की जनता कभी भी ऐसा नहीं होने देगी, चाहे मोदी जैसे सौ तानाशाह भी आ जाएं उसके बाद भी बाबा साहब का लिखा हुआ संविधान रहेगा और ये देश उसी संविधान पर चलेगा, जिस संविधान की नींव बाबा साहब आंबेडकर ने रखी थी।'इस प्रेस कॉन्फ्रेंस की सबसे बड़ी खास बात यह रही की एक तरफ तो दीपके ने इस पीसी में प्रधानमंत्री मोदी को तानाशाह, लोकतंत्र विरोधी और वोट चोर बताते हुए उन पर तीखा हमला बोला, तो वहीं दूसरी तरफ पीसी के लिए जो मंच बना था उस पर उन्होंने प्रधानमंत्री की तस्वीर भी रखी हुई थी।

यहां तक कि इस प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत भी उन्होंने 'मोदी चालीसा' को मोबाइल में बजाने के साथ की थी। इसके अलावा पार्टी के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने भी पीसी में अपने संबोधन की शुरुआत ‘जय महाराष्ट्र’ और ‘जय नरेंद्र’ के नारे के साथ की।पीसी में सवाल-जवाब के दौरान जब दीपके से इस बारे में पूछा गया कि आखिर ऐसा क्या हुआ जो आपको अचानक ‘मोदी चालीसा’ याद आ गई, तो जवाब देते हुए दीपके ने मंच पर रखी प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर की तरफ इशारा करते हुए कहा, 'एक्चुली देश में सेंसरशिप इतनी ज्यादा चल रही है ना, कि हमने ये तस्वीर इंस्टाग्राम के लिए और मेटा के लिए रखी हुई है।' इसकी और ज्यादा वजह बताते हुए उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, ‘इंस्टाग्राम और मेटा पर अगर आप मोदीजी की तस्वीर ना डालो और बाकी कुछ भी पॉलिटिकल कंटेंट डालो तो सारा कंटेंट दबाया जा रहा है।’आगे उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, 'इंस्टाग्राम पर जनवरी से लेकर जून तक 5 मिलियन से ज्यादा पोस्ट हटाई गई हैं।

इंस्टाग्राम को साफ आदेश दिए गए हैं, कि कुछ भी मोदी के खिलाफ डाला जाता है तो उसको हटा दो, अकाउंट उड़ा दो, पोस्ट हटा दो। तो इसलिए हमने सोचा कि मोदीजी की ही फोटो लगा देते हैं, तो शायद इसके बाद इंस्टाग्राम हमारी पीसी नहीं हटाएगा, क्योंकि आदरणीय महामानव जी खुद हमारे साथ बैठे हुए हैं।'