Bihar Sonpur Cattle Fair History: देश में कई ऐसे मेले लगते हैं, जिनकी पहचान सिर्फ धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है बल्कि उनका इतिहास बहुत रोचक है। बिहार का सोनपुर मेला ऐसा ही एक आयोजन है, जिसे एशिया के सबसे बड़े पशु मेलों में गिना जाता है। इसकी कहानी मौर्य सम्राट चंद्रगुप्त के दौर से जुड़ती है, जब यहां हाथियों और घोड़ों की खरीद की परंपरा बताई जाती है।
इस मेले का ठिकाना मुगलों के दौर में बदल गया था। पहले यह हाजीपुर में लगता था लेकिन बाद में सोनपुर इसका प्रमुख आयोजन स्थल बन गया।भारत के प्रसिद्ध मेलों, ऐतिहासिक स्थलों और धार्मिक आयोजनों से जुड़े सवाल अक्सर सामान्य ज्ञान की परीक्षाओं में पूछे जाते हैं। रेलवे, SSC, BPSC, UPSC और बिहार की राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले कैंडिडेट्स के लिए इस मेले का इतिहास और भौगोलिक स्थिति जानना उपयोगी हो सकता है।
आइए जानते हैं इसका इतिहास।बिहार के सारण में लगता है एशिया का सबसे बड़ा पशु मेलासोनपुर मेला बिहार के सारण जिले के सोनपुर में आयोजित होता है। बिहार टूरिज्म की ऑफिशियल वेबसाइट tourism.bihar.gov.in के अनुसार, यह स्थान गंगा और गंडक नदियों के संगम के पास स्थित है। यह मेला एशिया का सबसे बड़ा पशु मेला है। हर साल कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर यहां मेले की शुरुआत होती है।
यह आयोजन लगभग एक महीने तक चलता है। इस दौरान बिहार के अलावा दूसरे राज्यों और विदेशों से भी लोग पहुंचते हैंचंद्रगुप्त मौर्य के समय से जुड़ा है सोनपुर मेले का इतिहासभारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय के ऑफिशियल पोर्टल के मुताबिक, सोनपुर मेले का इतिहास प्राचीन समय का है। इस मेले की शुरुआत का संबंध मौर्य सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य के समय से जोड़ा जाता है।
कहा जाता है कि उनकी सेना के लिए हाथी और घोड़े यहीं से खरीदे जाते थे। प्राचीन समय में यहां सिर्फ आसपास के व्यापारी ही नहीं, बल्कि मध्य एशिया से भी पशु व्यापारी और खरीदार पहुंचते थे।मुगलों के शासनकाल में बदला था मेले का ठिकानासोनपुर मेले का इतिहास मुगल काल से जुड़ा है। भारत सरकार के राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन की पत्रिका में जानकारी के अनुसार, पहले यह मेला हाजीपुर में आयोजित होता था।
उस समय सोनपुर मुख्य रूप से धार्मिक स्थल था, जहां स्थित हरिहरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की जाती थी। हालांकि, मुगल बादशाह औरंगजेब के शासनकाल में इस व्यवस्था में बदलाव आया। पत्रिका के मुताबिक, इसी दौर में मेले का आयोजन सोनपुर में होने लगा और तब से सोनपुर इसका प्रमुख आयोजन स्थल बना हुआ है।सबसे बड़े पशु मेले से जुड़े GK फैक्ट्स सोनपुर मेले को स्थानीय स्तर पर हरिहर क्षेत्र मेला और सोनपुर कैटल फेयर के नाम से भी जाना जाता है।
मेले में नखास क्षेत्र नाम का विशेष इलाका होता है, जहां दुकानों और अन्य गतिविधियों के लिए जगह आवंटित की जाती है। बिहार सरकार का पर्यटन विभाग सोनपुर मेले के आयोजन और प्रबंधन के लिए नोडल एजेंसी की भूमिका निभाता है। मेले में पशुओं के अलावा कृषि उपकरण, बर्तन, कपड़े और हस्तशिल्प की दुकानें भी लगती हैं। मेले में लोक कलाकारों के साथ पहलवान और जिम्नास्ट भी अपनी कला का प्रदर्शन करते रहे हैं।
बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम मेले के दौरान पर्यटकों के लिए अस्थायी टूरिस्ट विलेज और स्विस कॉटेज की व्यवस्था करता रहा है।आज भी देश-विदेश तक पहचान, लगती है भीड़समय के साथ सोनपुर मेला काफी बदल गया है। अब यह सिर्फ पशुओं की खरीद-बिक्री तक सीमित नहीं है। यहां अलग-अलग सरकारी विभागों की प्रदर्शनियां, हस्तशिल्प की दुकानें, खानपान के स्टॉल और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं।
इस मेले में एशिया सहित दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से लोग पहुंचते हैं। यही वजह है कि सोनपुर मेला बिहार की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा बना हुआ है।