लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीति लगातार गरमा रही है। दूसरी तरफ, चुनाव आयोग की ओर से भी चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाना शुरू कर दिया गया है। चुनाव आयोग यूपी में वोटर लिस्ट का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान (UP SSR) चला रही है। इसके जरिए वोटर लिस्ट को अपडेट करने की प्रक्रिया तेज की गई है।

इस क्रम में अब दो दिनों का विशेष कैंप लगाया जाना है। इस विशेष कैंप में जिन लोगों के नाम वोटर लिस्ट में शामिल होने से छूट गए हैं, उनको दोबारा नाम जुड़वाने का मौका मिलेगा।28-29 नवंबर को अभियानप्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर रविवार को यूपी एसएसआर के तहत अभियान आयोजित किया गया। ड्राफ्ट मतदाता सूची के साथ बीएलओ अपने बूथों पर मौजूद रहे।

वहां आने वाले वोटरों को ड्राफ्ट सूची दिखाई गई। साथ ही, जरूरत के हिसाब से फॉर्म 6, 7 और 8 वितरित किया गया। अभियान के संबंध में यूपी सीईओ नवदीप रिणवा ने कहा कि अगर किसी व्यक्ति ने 21 एवं 22 नवंबर के विशेष अभियान को मिस कर दिया है तो उन्हें अधिक परेशान होने की जरूरत नहीं है। आयोग की ओर से 28 नवंबर और 29 नवंबर यानी अगले शनिवार और रविवार को विशेष अभियान आयोजित किया जा रहा है।यूपी सीईओ ने कहा कि 28-29 नवंबर के अभियान के दौरान भी सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ वोटर लिस्ट के साथ मौजूद रहेंगे।

वोटर अपना और परिवार के सदस्यों का नाम वोटर लिस्ट में चेक कर सकते हैं। अगर उनका वोटर लिस्ट में नाम नहीं होगा, तो वे फॉर्म-6 भरकर बीएलओ के पास जमा कर सकते हैं। प्रदेश के सभी 1.73 लाख बूथों पर विशेष अभियान का आयोजन किया जाएगा।ऐसे कर सकते हैं आवेदनयूपी सीईओ नवदीप रिणवा ने कहा है कि ऑनलाइन भी वोटर लिस्ट में नाम की जांच की जा सकती है।

नागरिक सेवा पोर्टल voters. eci.gov.in या ECINET मोबाइल ऐप का उपयोग किया जा सकता है। यूपीसीईओ ने कहा कि वोटर लिस्ट में नाम दर्ज कराने के लिए मतदाता फॉर्म-6 के जरिए आवेदन कर सकते हैं।यूपी सीईओ ने कहा कि वोटरों को अगर मतदाता सूची में दर्ज विवरण में किसी प्रकार का संशोधन या नाम को दूसरे स्थान पर ट्रांसफर कराना है तो फॉर्म-8 भर सकते हैं।

यूपी एसएसआर प्रक्रिया के दौरान वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के ऑनलाइन भी आवेदन किया जा सकता है।ऑनलाइन नाम जोड़वाने के लिए पूरी करें ये प्रक्रिया: चुनाव आयोग की वेबसाइट के वोटर सर्विस पोर्टल https://voters.eci.gov.in/ या ऐप पर जाकर फॉर्म 6 भर सकते हैं। नए वोटर रजिस्ट्रेशन के लिए आपको पहले अपना आईडी बनाना होगा।

मोबाइल नंबर से एकाउंट बनाकर ओटीपी डालने से पोर्टल खुल जाएगा। नए वोटर रजिस्ट्रेशन के लिए फॉर्म-6 का विकल्प चुनकर इसे भरना होगा। वोटर बनने के लिए आपको अपना नाम, माता-पिता या पति का नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर और लिंग का विवरण भरना होगा। फॉर्म-6 के साथ आपको पासपोर्ट साइज फोटो, उम्र का प्रमाण पत्र और निवास का प्रमाण पत्र देना होगा।

यहां आधार नंबर भी दे सकते हैं। यह वैकल्पिक है। फॉर्म-6 में इसके बाद आपको पूरा पता भरना होगा। इसमें मकान नंबर, गांव-शहर, पोस्ट ऑफिस, तहसील, जिला और पिन कोड को सही-सही भरना होगा। फॉर्म-6 में सभी जानकारी की जांच कर इसे सबमिट कर दें। इसके बाद आपको एक रेफरेंस नंबर मिलेगा। इसे सुरक्षित रखना है। ऑनलाइन फॉर्म-6 जमा होने के बाद बीएलओ की ओर से पते का वेरिफिकेशन किया जा सकता है।

आवेदन स्वीकृत होने के बाद वोटर लिस्ट में अपना नाम चेक कर सकते हैं।क्यों हो रहा एसएसआर?यूपी एसआईआर के दौरान बड़ी संख्या में वोटरों के नाम कटने का मामला सामने आया। पिछले दिनों सीएम योगी आदित्यनाथ तक इस मुद्दे को उठाते दिखे। इसके बाद चुनाव आयोग ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का आयोजन किया है। अमूमन विधानसभा चुनावों से पहले आयोग की ओर से वोटर लिस्ट अपडेट किए जाने की प्रक्रिया चलती है।

यूपी में भी इसी प्रकार की प्रक्रिया शुरू हुई है।हालांकि, एसएसआर के तहत विशेष अभियानों के जरिए छूटे वोटरों को शामिल कराया जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने छूटे वोटरों को मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए निचले स्तर तक लगातार अभियान चलाया है। चुनाव में कोई वाजिब वोटर अपने वोट के अधिकार से वंचित न रह जाए, इसके लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है।