महाराष्ट्र में FDA कमिश्नर का पद संभालने के बाद से ही वरिष्ठ IAS अफसर तुकाराम मुंढे का नाम चर्चा में हैं। तुकाराम मुंढे ने इस पद को संभालते ही मानों तहलका मचा दिया है। गंदगी और लापरवाही से भरे पड़े हजारों रेस्टोरेंट और वेयरहाउसेज पर ताबड़तोड़ छापेमारी की है। यही नहीं, दर्जनों जाने माने प्रतिष्ठानों के खिलाफ भी एक्शन लिया है और उनके लाइसेंस रद्द कर दिए।

काम के प्रति इतनी ईमानदारी की वजह से वे आम लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हो गए हैं। अब एक इंटरव्यू में तुकाराम मुंढे से पूछा गया कि क्या वे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बनना चाहेंगे? उन्होंने क्या जवाब दिया?न्यूज18 मराठी की एक रिपोर्ट के मुताबिक तुकाराम मुंढे बीते 22 नवंबर को पुणे के फर्ग्यूसन कॉलेज में आयोजित 'यूथ फेस्टिवल' इवेंट पहुंचे थे।

इस दौरान ही उनसे मुख्यमंत्री पद वाला सवाल पूछा गया। मुख्यमंत्री बनने की इच्छा को लेकर सवाल पूछे जाने पर तुकाराम मुंढे ने कहा कि ये चीजें विश लिस्ट का हिस्सा होती हैं लेकिन उनकर पास कोई विश लिस्ट नहीं है।उन्होंने बातचीत के दौरान बताया कि आज से 10 साल पहले जब वे सोलापुर के कलेक्टर थे, तब अगर किसी ने उनसे पूछा होता कि क्या वे कभी FDA कमिश्नर बनेंगे, तो उनका सीधा जवाब होता- उन्हें नहीं पता।

मुंढे ने कहा कि क्या आप यह बनना चाहेंगे यह किसी की विश लिस्ट का हिस्सा होता है लेकिन वे किसी विश लिस्ट के हिसाब से नहीं जीते हैं। इसके बजाय वे वर्तमान में जीना पसंद करते हैं। तुकाराम मुंढे आगे कहा कि फिलहाल वे एक लोक सेवक हैं और इसी पर अपना ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में क्या होगा यह समय तय करेगा।बच्चों को बनाना चाहते हैं नेताइससे पहले बीते दिनों एक इंटरव्यू के दौरान मुंढे ने कहा था कि भविष्य में वह अपने बच्चों को अफसर की बजाय नेता या उद्यमी बनने की सलाह देंगे।

तुकाराम मुंढे से इंटरव्यू में पूछा गया कि क्या वे अपने बच्चों को लोक सेवा में भेजना चाहेंगे? इस पर उन्होंने कहा, अगर मेरे बच्चे मुझसे पूछेंगे कि क्या हमें आईएएस बनना चाहिए, तो मेरा सीधा जवाब होगा- बिल्कुल नहीं। तुकाराम मुंढे चाहते हैं कि उनके बच्चे नेता या उद्यमी बनें ताकि वे बिना किसी सिस्टम के दबाव के समाज के विकास में अपना योगदान दे सकें।

तुकाराम मुंढे के मुताबिक आज की युवा पीढ़ी के पास असीमित ऊर्जा और ज्ञान है। उन्हें ऐसे किसी करियर में नहीं बांधना चाहिए जो उनकी आजादी को सीमित कर दे।परिवार को चुकानी पड़ी है कीमतभ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त एक्शन के लिए जाने जाने वाले तुकाराम मुंढे का 21 साल की नौकरी में 25 बार ट्रांसफर हो चुका है। उनकी ईमानदारी की कीमत कई बार उनके परिवार को चुकानी पड़ी है।

मुंढे ने एक बार कहा था कि उन्होंने जनसेवा का यह कठिन रास्ता खुद चुना था और वे इन कठिनाइयों के लिए तैयार थे, लेकिन इस दौरान उनके परिवार ने भी काफी कुर्बानियां दी हैं और इसीलिए वे अपने बच्चों के लिए ये रास्ता नहीं चाहते। लोकप्रियता पर क्या बोले?तुकाराम मुंढे ने अपने एक इंटरव्यू में यह भी कहा है कि व्यक्तिगत लोकप्रियता से ज्यादा उनके लिए लोगों की भलाई अधिक मायने रखता है।

यह पूछे जाने पर कि पूरे राज्य में खाद्य सुरक्षा को लेकर की गई सख्त कार्रवाई के बाद मिली लोकप्रियता और किसी मशहूर हस्ती जैसी छवि की वजह से काम से ध्यान भटक रहा है, मुंढे ने कहा, ''यह ध्यान भटकाने वाली बात नहीं है। लोकप्रियता हासिल करना मेरा उद्देश्य कभी नहीं था।''