चेन्नई के एक जैन दंपति ने गुरुवार को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू की उपस्थिति में तिरुमाला के पहाड़ी मंदिर में भगवान वेंकटेश्वर को 121 किलोग्राम सोने के आभूषण दान किए। इन आभूषणों की कुल कीमत 207.6 करोड़ रुपये बताई गई है। दान देने वाले वर्धमान जैन और उनकी पत्नी राधिका जैन ने कुल 46 अलग-अलग प्रकार के सोने के आभूषण भेंट किए।

इनमें से 106 किलोग्राम सोने के आभूषण भगवान वेंकटेश्वर के लिए थे, जबकि 15 किलोग्राम सोने का एक विशेष वस्त्र देवी पद्मावती को अर्पित किया गया।तिरुपति तिरुमला देवस्थानम (TTD) के पुजारियों और अधिकारियों ने मंदिर की ओर से इन भेंटों को स्वीकार किया। मंदिर अधिकारियों ने कहा कि यह तिरुमाला को अब तक किसी एक व्यक्ति द्वारा दिया गया सबसे बड़ा दान है।

भेंट की गई वस्तुओं में नीलम, पुखराज, माणिक और पन्ने से जड़ा एक 'श्रीवत्सम' पेंडेंट भी शामिल था। अन्य आभूषणों में हीरे भी जड़े हुए थे।मुख्यमंत्री नायडू ने समारोह के बाद दंपति का धन्यवाद किया और कहा कि यह इस पवित्र मंदिर के इतिहास की एक दुर्लभ और उल्लेखनीय घटना है। उन्होंने बताया कि दंपति ने उन्हें कहा कि उन्होंने भगवान वेंकटेश्वर की दिव्य प्रेरणा से यह दान किया है।

नायडू ने कहा कि इन आभूषणों में सोने के साथ कीमती हीरे भी शामिल हैं।मुख्यमंत्री ने तिरुमाला को भक्ति, आस्था और आध्यात्मिक आनंद का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यहां मिलने वाला दिव्य अनुभव अद्वितीय है और इस अवसर का हिस्सा बनना उनके लिए सौभाग्य की बात है। नायडू ने मंदिर के विकास में पल्लव, चोल, चेर और पांड्य जैसे राजवंशों के योगदान को याद किया।

उन्होंने कहा कि मैसूर और मराठा साम्राज्य के शासकों ने भी इस मंदिर को बहुमूल्य आभूषण, उपहार और संपत्तियां भेंट की थीं।उन्होंने विजयनगर के सम्राट श्री कृष्णदेवराय की भक्ति का भी जिक्र किया, जिन्होंने भगवान को कई आभूषण अर्पित किए थे। इनमें रत्नों से जड़ा एक मुकुट और रेशमी वस्त्र शामिल थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान वेंकटेश्वर के प्रति भक्तों की श्रद्धा और आस्था सदियों से लगातार बढ़ती रही है।

जैन दंपति द्वारा दी गई यह भेंट देवता के प्रति उनकी गहरी आस्था को दर्शाती है।