यूपी के गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी में रहने वाले 35 वर्षीय एक व्यक्ति की दिल्ली के अस्पताल में इलाज के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतक ने दो शादियां की थीं, और दोनों पत्नियों ने उसकी मां और दो बहनों पर संपत्ति हड़पने के लिए जहर देकर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है।पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि खोड़ा कॉलोनी के नवीन विहार निवासी रामलखन की बुधवार देर रात दिल्ली के एक अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि उसकी पत्नियों नीलम और कोमल वर्मा ने अपनी सास कमला देवी तथा ननदों श्रुति व नर्मदा पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है।'महीनेभर पहले मां और बहन आगरा लेकर गई थीं'अधिकारियों के अनुसार कोमल ने आरोप लगाया कि करीब एक महीने पहले कमला देवी और श्रुति इलाज कराने के बहाने रामलखन को आगरा ले गई थीं, लेकिन वहां उनका समुचित उपचार नहीं कराया गया।

उन्होंने आशंका जताई कि इसी दौरान रामलखन को जहर दिया गया था।17 नवंबर को तबीयत बिगड़ी तो दिल्ली में भर्ती करायाकोमल से मिली जानकारी के आधार पर अधिकारियों ने बताया कि 17 नवंबर को रामलखन की तबीयत बिगड़ने पर उसे दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां बुधवार रात उसकी मौत हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि मौत के तुरंत बाद उनकी सास और ननद अस्पताल से चली गईं।कोमल और नीलम पड़ोसियों की मदद से घर लाए शवसूत्रों के मुताबिक इसके बाद कोमल और नीलम ने पड़ोसियों की मदद से शव को खोड़ा कॉलोनी स्थित अपने घर पहुंचाया।

उन्होंने बताया कि दोनों महिलाओं ने शुरुआत में मृतक की मां, बहनों और अन्य रिश्तेदारों के पहुंचने तक अंतिम संस्कार नहीं होने देने की बात कही। हालांकि, बाद में परिवार के सदस्य शव को अंतिम संस्कार के लिए आगरा स्थित उनके पैतृक गांव ले गए।शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई करेगी पुलिसपुलिस ने बताया कि कोमल द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।

हालांकि, दोनों पत्नियों की ओर से अब तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है और पुलिस ने कहा कि शिकायत मिलने पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।