महाराष्ट्र के पुणे में दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां के येवालेवाड़ी इलाके में एक तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू होकर ट्रिनिटी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड रिसर्च के बाहर बस स्टॉप पर खड़े छात्रों को टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन छात्रों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, ट्रक बोपदेव घाट की खड़ी ढलान से नीचे उतर रहा था।

इसी दौरान ड्राइवर का ट्रक पर नियंत्रण नहीं रहा, जिसके चलते हादसा हो गया।पहले कार से टकरायापुलिस के अनुसार, ट्रक पहले सड़क पर खड़ी एक कार से टकराया और फिर सड़क किनारे से उतरकर बस स्टॉप की तरफ चला गया। उस समय कॉलेज के छात्र बस का इंतजार कर रहे थे। ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। हादसा इतना अचानक हुआ कि छात्रों को बचने का मौका भी नहीं मिला।

घटना के बाद मौके अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।इलाज के दौरान तीन छात्रों की मौतबताया जा रहा है कि घायल हुए पांचों छात्रों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। बाद में तीन छात्रों ( सिद्धेश राजे, विशाल डांगड़े और मोहिनी चौधरी ) की इलाज के दौरान मौत हो गई।

बाकी दो घायल छात्रों की पहचान श्वेता तालेकर और सोहम घांघले के रूप में हुई है। श्वेता तालेकर का इलाज वानोवरी स्थित रूबी हॉल क्लिनिक में चल रहा है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। सोहम घांघले को कोंढवा के इनामदार अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस हिरासत में ड्राइवरपुलिस ने हादसे के बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए 22 साल के ट्रक ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है।

ड्राइवर से पूछताछ की जा रही है। पुलिस जांच कर रही है कि ट्रक बेकाबू कैसे हुआ और ड्राइवर ने ब्रेक या स्टीयरिंग पर नियंत्रण क्यों खो दिया। हादसे का CCTV फुटेज भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। फुटेज में साफ दिखता है कि ट्रक पहले कार से टकराता है और फिर सीधे बस स्टॉप पर खड़े छात्रों की तरफ जाता है।