पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची से हटाए गए लोगों के नाम दोबारा शामिल कराने की मांग पर सुप्रीम कोर्ट ने अहम निर्देश दिया है। कोर्ट ने कहा है कि नाम बहाल कराने के लिए अपील करने वाले 22 लाख लोगों के मामलों की प्राथमिकता के आधार पर सुनवाई की जाए। राज्य में इस तरह की कुल 38 लाख अपीलें लंबित हैं।मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची तथा जस्टिस वी.
मोहना की पीठ ने कहा कि इन 22 लाख मामलों में भी कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के वार्डों से जुड़े मामलों को पहले सुना जाना चाहिए। इसकी वजह आगामी नगर निकाय चुनाव हैं।38 लाख अपीलों के लिए ट्रिब्यूनल की संख्या बढ़ाने का निर्देशटइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने कोलकाता हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से चुनाव आयोग के साथ विचार-विमर्श कर ट्रिब्यूनल की संख्या बढ़ाने को कहा है।
फिलहाल ऐसे 19 ट्रिब्यूनल काम कर रहे हैं। कोर्ट ने कहा कि बड़ी संख्या में लंबित अपीलों को देखते हुए इनकी संख्या बढ़ाना जरूरी है।दरअसल, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान करीब 90 लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए थे। इन मतदाताओं को अनुपस्थित, स्थानांतरित, डुप्लीकेट या मृत घोषित किया गया था। इसके अलावा कुछ नामों को मैपिंग से जुड़ी ‘लॉजिकल विसंगति’ के आधार पर चिह्नित किया गया था।
इसके बाद नाम हटाए जाने के खिलाफ 38 लाख अपीलें दाखिल की गईं। कोर्ट ने चुनाव आयोग से अलग-अलग स्थानों पर ट्रिब्यूनल के लिए अतिरिक्त जगह की व्यवस्था करने को भी कहा, ताकि अपील करने वाले लोगों को वहां पहुंचने में परेशानी न हो।90 फीसदी से अधिक अपीलों में मतदाताओं को राहत मिलने का दावासुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि एसआईआर के बाद दाखिल अपीलों पर सुनवाई के लिए गठित ट्रिब्यूनल अब तक करीब 1.4 लाख मामलों का निपटारा कर चुके हैं।
इनमें 90 फीसदी से अधिक मामलों में अपील स्वीकार की गई और संबंधित लोगों के नाम मतदाता सूची में बहाल किए गए।भूषण ने इसे बड़ी संख्या में मामलों से सामने आया अहम संकेत बताते हुए कहा कि जिन लोगों ने नाम हटाए जाने के खिलाफ अपील की है, उन्हें आगामी चुनावों में मतदान करने की अनुमति दी जानी चाहिए। इसी दलील के बाद सुप्रीम कोर्ट ने कोलकाता नगर निगम के अलग-अलग वार्डों से संबंधित अपीलों की प्राथमिकता के आधार पर सुनवाई का निर्देश दिया।वोटर लिस्ट से नाम हटने पर राशन और सरकारी योजनाओं का लाभ रोकने का आरोपसुनवाई के दौरान प्रशांत भूषण ने एक और गंभीर आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि मतदाता सूची से नाम हटाए जाने का असर नागरिकता समेत किसी अन्य अधिकार पर नहीं पड़ेगा। इसका एकमात्र प्रभाव मतदान का अवसर खोने तक सीमित होगा।इसके बावजूद राज्य सरकार कथित तौर पर मतदाता सूची से हटाए गए लोगों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राशन और अन्नपूर्णा योजना समेत विभिन्न सामाजिक कल्याण योजनाओं का लाभ नहीं दे रही है।इस पर सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने इन आरोपों को निराधार बताया।
उन्होंने कहा कि याचिकाकर्ताओं ने अपने दावे के समर्थन में एक भी उदाहरण पेश नहीं किया है। हालांकि, मुख्य न्यायाधीश की अगुवाई वाली पीठ ने राज्य सरकार से इन आरोपों पर जवाब दाखिल करने को कहा है।कोलकाता नगर निगम चुनाव पर सुनवाई बुधवार तक टलीइससे जुड़े एक अन्य मामले में सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल सरकार की उस अपील पर सुनवाई बुधवार तक के लिए टाल दी, जिसमें कलकत्ता हाईकोर्ट की खंडपीठ के अंतरिम आदेश को चुनौती दी गई है।हाईकोर्ट ने राज्य निर्वाचन आयोग को कोलकाता नगर निगम चुनाव का कार्यक्रम घोषित करने से रोक दिया था।
इस मामले में नगर निगम के वार्डों की संख्या 144 से बढ़ाकर 209 किए जाने को लेकर विवाद है। राज्य सरकार ने एक संशोधन अधिनियम के जरिए वार्डों की संख्या बढ़ाई थी।सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने दलील दी कि हाईकोर्ट ने यह मानने में गलती की कि राज्य सरकार के पास वार्डों की संख्या बढ़ाने और इसके परिणामस्वरूप वार्डों की सीमाओं में बदलाव करने का अधिकार नहीं है।