इंदौर के सदर बाजार थाना क्षेत्र में संचालित चंदनगुरु अखाड़े से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां कुश्ती की ट्रेनिंग लेने वाले 14 वर्षीय नाबालिग छात्र के साथ कथित यौन शोषण किए जाने का आरोप लगा है। आरोप अखाड़े के ही कोच मनीष नामदेव पर है। बताया जा रहा है कि अभ्यास खत्म होने के बाद जब दूसरे खिलाड़ी अपने घर लौट गए, तब कोच ने छात्र को अकेला पाकर उसके साथ अश्लील हरकत की।
घटना के बाद आरोपी ने मुंह खोलने पर छात्र और उसके पिता को जान से खत्म करने की धमकी भी दी।पीड़ित बच्चे के पिता की शिकायत पर सदर बाजार पुलिस ने आरोपी कोच के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को न्यायालय में पेशी के बाद उसे जेल भेज दिया गया।छह साल से व्यायामशाला में ले रहा था कुश्ती का प्रशिक्षणपुलिस के अनुसार, सदर बाजार इलाके में रहने वाले फर्नीचर कारोबारी का 14 वर्षीय बेटा पिछले करीब 6 साल से चंदनगुरु अखाड़े में कुश्ती सीखने जा रहा था।
25 नवंबर को भी वह रोजाना की तरह शाम करीब 4 बजे प्रैक्टिस के लिए पहुंचा था। उसका सामान्य समय शाम 7:30 बजे तक घर लौटने का था, लेकिन उस दिन काफी देर गुजरने के बाद भी वह घर नहीं पहुंचा।बेटे के देर तक नहीं लौटने पर पिता को चिंता हुई और वे उसकी तलाश में निकल पड़े। इसी दौरान रात करीब 8:50 बजे बेटा हनुमान मंदिर चौक के पास मिला।
वह रो रहा था और काफी घबराया हुआ था। पिता ने जब उससे परेशानी की वजह पूछी तो उसने व्यायामशाला में हुई घटना के बारे में बताया।खिलाड़ी घर लौटे तो कोच ने की कथित अश्लील हरकतबच्चे ने बताया कि शाम करीब 7 बजे कुश्ती का अभ्यास खत्म होने के बाद अखाड़े में मौजूद अन्य लड़के और उसका दोस्त घर जा चुके थे। इसी दौरान वह अकेला रह गया।
आरोप है कि कोच मनीष नामदेव ने उसे अपने पास बैठाया और उसके साथ अनुचित हरकत की। इस घटना से बच्चा बुरी तरह सहम गया।शिकायत करने पर पिता-पुत्र को खत्म करने की धमकीपीड़ित ने पिता को बताया कि आरोपी ने घटना के बारे में किसी को भी बताने पर उसे और उसके पिता को जान से मारने की धमकी दी थी। इसी डर के चलते वह घर जाने के बजाय रास्ते में रोता हुआ मिला।
बेटे की बात सुनकर पिता ने अपने परिचित को साथ लिया और सीधे सदर बाजार थाने पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी देते हुए शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी कोच मनीष नामदेव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।रिपोर्ट - हेमंत