बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अपने देश लौटने की तारीख तय कर दी है। दो साल से अधिक समय से भारत में रह रहीं हसीना अब 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटना चाहती हैं। खास बात यह है कि उन्होंने वापसी के लिए बांग्लादेश के विजय दिवस का दिन चुना है। उनके प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने मंगलवार को रॉयटर्स को बताया कि हसीना ने दिल्ली से ढाका तक की यात्रा के लिए बांग्लादेश की सरकारी विमानन कंपनी बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस का विमान उपलब्ध कराने की मांग की है।लेकिन जिस देश से हसीना लौटने की तैयारी कर रही हैं, वहां उनकी वापसी आसान नहीं दिख रही।

बांग्लादेश सरकार उन्हें लौटने पर गिरफ्तार कर जेल भेजने की बात कह चुकी है। वहीं, हसीना को आज भी 5 अगस्त 2024 का वह दिन याद है, जब प्रदर्शनकारियों की भीड़ उनके सरकारी आवास गोनो भवन तक पहुंच गई थी और उन्हें देश छोड़कर भागना पड़ा था। बाद में उन्होंने दावा किया था कि वह और उनकी बहन शेख रेहाना महज 20-25 मिनट के अंतर से मौत के मुंह से बच निकली थीं।जब हजारों प्रदर्शनकारियों ने घेर लिया था प्रधानमंत्री आवासबांग्लादेश में शेख हसीना की सत्ता का अंत 5 अगस्त 2024 को हुआ था।

जुलाई में सरकारी नौकरियों में आरक्षण के खिलाफ शुरू हुआ छात्र आंदोलन कुछ ही हफ्तों में सरकार विरोधी आंदोलन में बदल गया। प्रदर्शनकारियों ने हसीना के इस्तीफे की मांग शुरू कर दी। हिंसा बढ़ती गई और सुरक्षा बलों तथा प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव में बड़ी संख्या में लोगों की जान गई।4 अगस्त को देशभर में हुई हिंसा के बाद हालात और बिगड़ गए।

अगले दिन प्रदर्शनकारियों ने ढाका की ओर मार्च शुरू कर दिया। सेना के शीर्ष अधिकारियों ने भी हसीना को संकेत दे दिया था कि सेना अब प्रदर्शनकारियों को उनके सरकारी आवास तक पहुंचने से नहीं रोक पाएगी।इसी बीच 5 अगस्त की दोपहर हसीना को देश छोड़ने का फैसला करना पड़ा। वह अपनी बहन शेख रेहाना के साथ सैन्य विमान से भारत के लिए रवाना हो गईं।

कुछ ही देर बाद प्रदर्शनकारियों ने उनके आधिकारिक आवास गोनो भवन में प्रवेश कर लिया। वहां तोड़फोड़ हुई और लोग परिसर के भीतर पहुंच गए।30 मिनट पहले ही प्रदर्शनकारियों के कब्जे में आ गया था गोनो भवनशेख हसीना के देश छोड़ने की कहानी का सबसे दिलचस्प हिस्सा उनकी आखिरी उड़ान से जुड़ा है। बांग्लादेश के अखबार ‘द डेली स्टार’ ने 14 सितंबर 2024 को अपनी एक विस्तृत रिपोर्ट में इस उड़ान से जुड़े दस्तावेज और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की रिकॉर्डिंग का हवाला दिया था।रिपोर्ट के मुताबिक, हसीना को लेकर जा रहे लॉकहीड सी-130 हरक्यूलिस सैन्य विमान ने 5 अगस्त को दोपहर 3 बजकर 9 मिनट पर ढाका के बंगबंधु एयरबेस से उड़ान भरी थी।

यह एयरबेस हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पश्चिम में स्थित है।इससे करीब आधे घंटे पहले प्रदर्शनकारियों की भारी भीड़ गोनो भवन तक पहुंच चुकी थी। रिपोर्ट में बताया गया कि हजारों की संख्या में लोग प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास पर कब्जा कर चुके थे।इस उड़ान को लेकर एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई थी।

द डेली स्टार के मुताबिक, विमान को शुरुआत में प्रशिक्षण उड़ान के तौर पर दर्ज किया गया था। उसकी लोकेशन, ऊंचाई और दिशा बताने वाले ट्रांसपोंडर को बंद रखा गया था। विमान के भारतीय हवाई क्षेत्र के करीब पहुंचने पर ही इन्हें दोबारा चालू किया गया, जिसके बाद वह रडार पर दिखाई देने लगा।अखबार को इस विमान की फ्लाइट प्रोग्रेस स्ट्रिप और ढाका एयर ट्रैफिक कंट्रोल के साथ हुई रेडियो बातचीत की रिकॉर्डिंग भी मिली थी।

इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर विमान की उड़ान का समय और उसका रास्ता सामने आया।‘हम मौत से महज 20-25 मिनट दूर थे’बांग्लादेश छोड़ने के कई महीने बाद जनवरी 2025 में शेख हसीना का एक 49 सेकंड का ऑडियो सामने आया था। यह ऑडियो अवामी लीग के आधिकारिक फेसबुक पेज पर साझा किया गया था। इसमें हसीना 5 अगस्त 2024 की घटना का जिक्र करते हुए अपनी और अपनी बहन की जान बचने की बात कहती सुनाई दी थीं।ऑडियो में उन्होंने कहा था, “रेहाना और मैं 5 अगस्त को बचकर निकलने में कामयाब रहे।

हम शायद मौत से महज 20 या 25 मिनट के अंतर से बच निकले थे।” हसीना ने अपनी जिंदगी पर पहले हुए हमलों का जिक्र करते हुए 21 अगस्त 2004 के ग्रेनेड हमले और कोटालीपाड़ा में हुए बम विस्फोट का भी उल्लेख किया था। उनका कहना था कि 5 अगस्त को भी उन्हें मारने की योजना बनाई गई थी और बाद में सामने आई घटनाओं से यह बात साबित हुई।

उन्होंने अपनी जान बचने को अल्लाह की मर्जी बताते हुए कहा था कि शायद उन्हें अभी कुछ अधूरे काम पूरे करने हैं, इसलिए वह जीवित हैं। ऑडियो के अंत में हसीना भावुक भी हो गई थीं। उन्होंने देश और घर से दूर रहने का दर्द बयां करते हुए कहा था कि वहां सब कुछ जला दिया गया है।भारत में दो साल से अधिक समय, अब 16 दिसंबर को वापसी की तैयारी5 अगस्त 2024 को बांग्लादेश छोड़ने के बाद शेख हसीना भारत में रह रही हैं।

इस बीच उन्होंने कई बार अपने देश लौटने की इच्छा जताई है। अगस्त 2026 में नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को ऑडियो लिंक के जरिए संबोधित करते हुए भी उन्होंने दिसंबर में वापसी की बात कही थी।तब हसीना ने कहा था कि वह अपने देशवासियों के बीच लौटना चाहती हैं। उन्हें पता है कि बांग्लादेश पहुंचने पर हिरासत में लिया जा सकता है या जेल भेजा जा सकता है, लेकिन इससे उनका फैसला नहीं बदलेगा।अब उनके प्रवक्ता ने 16 दिसंबर की तारीख सामने रखी है।

यह दिन बांग्लादेश में विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है। 1971 में इसी दिन पाकिस्तानी सेना ने आत्मसमर्पण किया था और नौ महीने के मुक्ति संग्राम का अंत हुआ था।हसीना चाहती हैं कि बांग्लादेश सरकार उन्हें दिल्ली से ढाका लाने के लिए अपने राष्ट्रीय विमानन कंपनी का विमान उपलब्ध कराए। उनके प्रवक्ता का तर्क है कि जब उन्हें 5 अगस्त 2024 को बांग्लादेश के विमान से भारत लाया गया था, तो अब उनकी वापसी की व्यवस्था करना भी सरकार की जिम्मेदारी है।हालांकि, बांग्लादेश सरकार इस मांग पर सहमत होती दिखाई नहीं दे रही है।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार की ओर से अभी तक विमान भेजने को लेकर भारत के साथ कोई आधिकारिक बातचीत नहीं हुई है।बांग्लादेश पहुंचते ही गिरफ्तार होंगी हसीना?शेख हसीना की वापसी की राह में सबसे बड़ी बाधा उनके खिलाफ चल रहे मुकदमे हैं। नवंबर 2025 में बांग्लादेश के इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल ने 2024 के छात्र आंदोलन के दौरान हिंसक कार्रवाई के मामले में उन्हें मानवता के खिलाफ अपराधों का दोषी ठहराया था।

अदालत ने उनकी अनुपस्थिति में मौत की सजा सुनाई थी। तत्कालीन गृह मंत्री असदुज्जमां खान कमाल को भी इसी मामले में मौत की सजा दी गई थी।हसीना ने इस फैसले को खारिज किया है। उनका कहना है कि उनके खिलाफ राजनीतिक बदले की भावना से कार्रवाई की जा रही है। मानवाधिकार संगठन ह्यूमन राइट्स वॉच ने भी उनकी अनुपस्थिति में चले मुकदमे और बचाव के अधिकार को लेकर गंभीर सवाल उठाए थे।

संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार कार्यालय के मुताबिक, जुलाई और अगस्त 2024 के आंदोलन के दौरान करीब 1,400 लोगों की मौत हुई थी। इसी हिंसक कार्रवाई को लेकर हसीना के खिलाफ मुकदमा चला।23 नवंबर को बांग्लादेश की विदेश मामलों की राज्य मंत्री शमा ओबैद इस्लाम ने रॉयटर्स से कहा कि यदि हसीना देश में प्रवेश करती हैं तो उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

उन्होंने भारत से प्रत्यर्पण संधि के तहत हसीना को बांग्लादेश सौंपने की मांग भी दोहराई। उधर, हसीना की पार्टी अवामी लीग पर बांग्लादेश में राजनीतिक गतिविधियों को लेकर प्रतिबंध लगा हुआ है। उनकी वापसी की मांग को लेकर पार्टी समर्थक प्रदर्शन भी कर रहे हैं। हाल के दिनों में कई जिलों में बम विस्फोट और आगजनी की घटनाएं भी सामने आई हैं।ऐसे में 16 दिसंबर को हसीना की प्रस्तावित वापसी बांग्लादेश की राजनीति में एक नया टकराव पैदा कर सकती है।

एक तरफ पूर्व प्रधानमंत्री अपने देश लौटने पर अड़ी हैं, दूसरी तरफ वहां की सरकार उन्हें गिरफ्तार करने की तैयारी का संकेत दे चुकी है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या हसीना वास्तव में ढाका पहुंच पाएंगी या उनकी वापसी की घोषणा भारत और बांग्लादेश के बीच एक नए कूटनीतिक विवाद की वजह बनेगी।