औद्योगिक क्षेत्र थाना क्षेत्र के मनैया गांव में बृहस्पतिवार की भोर में खेत में पानी लगाने गए वृद्ध किसान की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। खेत में फसल को जानवरों से बचाने के लिए चारों ओर कटीले तार लगाए गए थे, जिनमें करंट उतर रहा था। सुबह पड़ोस के खेत में काम करने पहुंचे ग्रामीण ने किसान को जमीन पर पड़ा देखा तो परिजनों को सूचना दी।
हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मनैया गांव निवासी राम गणेश निषाद (61) पुत्र अमृतलाल निषाद गांव में किराये पर खेत लेकर खेती करते थे। उनके बेटे पवन के मुताबिक, बुधवार रात खेत मालिक उन्हें खेत में पानी लगाने के लिए बुलाकर ले गया था। रात में सिंचाई के दौरान वह खेत की सुरक्षा के लिए लगाए गए कटीले तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आ गए।
इससे उनकी मौत हो गई। सुबह पड़ोस में रहने वाले बलराम ने उन्हें खेत में पड़ा देखा और परिवार को सूचना दी। इसके बाद परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया। पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बेटे पवन की तहरीर पर पुलिस ने जयकांत दुबे उर्फ पप्पू, रमाकांत दुबे, विद्या दुबे, अरुण कुमार दुबे और सुखेंद्र दुबे के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
थाना प्रभारी कमलेश कुमार पटेल ने बताया कि शिकायत के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।