कोलकाता: ममता बनर्जी की अगुवाई वाली ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के लिए बुरी खबर है। ममता बनर्जी के भाई स्वप्न बनर्जी (बाबुन) ने टीएसमी सांसद अभिषेक बनर्जी के खिलाफ दक्षिण कोलकाता के कालीघाट पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसमें उन्होंने उन पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
स्वप्न बनर्जी ने अभिषेक बनर्जी पर आपराधिक बल का प्रयोग करने, लोक सेवकों को उनके कर्तव्यों के पालन से रोकने की कोशिश करने, आपराधिक धमकी देने, न्यायिक कार्यवाही में बैठे लोक सेवकों का जानबूझकर अपमान करने और भारत की संप्रभुता को खतरे में डालने का आरोप लगाया है। उन्होंने अभिषेक बनर्जी पर रक्तदान शिविर में बाधा डालने और धमकाने का भी आरोप लगाया।अभिषेक बनर्जी पर करें एफआईआरबाबुन के उपनाम से जाने जाने वाले स्वप्न बनर्जी ने दावा किया कि राज्य में तृणमूल के 15 साल के शासन के दौरान धमकाने और डराने की संस्कृति जड़ें जमा चुकी थी, जो इस साल मई में भाजपा के सत्ता में आने के बाद भी जारी रही।
उन्होंने कहा कि वह 2024 से ऐसी घटनाओं के गवाह रहे हैं। स्वप्न बनर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि टीएमसी सांसद जनता को न्यायपालिका और संवैधानिक अधिकारियों के खिलाफ भड़का कर विध्वंसक गतिविधियों और आपराधिक साजिश को बढ़ावा देने की कोशिश कर रहे हैं। बाबुन बनर्जी ने पुलिस से आग्रह किया कि वे इस शिकायत को केवल एक सामान्य डायरी प्रविष्टि (जनरल डायरी एंट्री) मानने के बजाय एक एफआईआर के रूप में दर्ज करें और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू करें।स्वप्न बनर्जी ने लगाए गंभीर आरोपसूत्रों के अनुसार, बाबुन गुरुवार को शिकायत दर्ज कराने के लिए कालीघाट पुलिस स्टेशन पहुंचे।
उन्होंने आरोप लगाया कि धमकियों और डराने-धमकाने का जो माहौल पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार के दौरान शुरू हुआ था, वह राज्य में अब भी कायम है। उन्होंने दावा किया कि सरकारी कामकाज में बाधा डालने, स्थानीय क्लबों पर जबरन कब्जा करने और विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को डराने-धमकाने की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने लंबे समय तक बहुत कुछ सहा है, लेकिन अब स्थिति इतनी बिगड़ गई है कि उनके पास पुलिस के पास जाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।कोलकाता पुलिस ने क्या कहा?शिकायत में पुलिसकर्मियों और सरकारी कर्मचारियों के दैनिक कामकाज में हस्तक्षेप करने के आरोपों के साथ-साथ न्यायपालिका पर हमले जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि उन्हें लिखित शिकायत मिल गई है और मामले की जांच चल रही है। कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि लगाए गए आरोपों के आधार पर जांच की जाएगी, हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि कोई औपचारिक प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की गई है या नहीं। पूर्व मुख्यमंत्री के परिवार के भीतर चल रहे मतभेदों के सार्वजनिक होने से पश्चिम बंगाल के राजनीतिक हलकों में काफी हलचल मच गई है।
(इनपुट एजेंसी)