दिल्ली सरकार कचरे की समस्या पर सिन गुड्स जैसे तंबाकू उत्पाद और प्लास्टिक की बोतलों को प्रस्तावित डिपॉजिट रिटर्न स्कीम में लाने की योजना बना रही है। इस योजना में ग्राहक सामान खरीदते समय थोड़ी अतिरिक्त राशि जमा करते हैं और खाली पैकेजिंग वापस करने पर उन्हें वह पैसे लौटाए जाते हैं। सरकार का मानना है कि योजना से रीसाइक्लिंग बढ़ेगी और कचरा नालों, जल स्रोतों या लैंडफिल में नहीं जाएगा।पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बुधवार को बताया कि दिल्ली सरकार 'सिन गुड्स' (जैसे तंबाकू उत्पाद आदि) को अपनी प्रस्तावित 'डिपॉजिट रिटर्न स्कीम' यानी जमा राशि वापसी योजना में शामिल करने की योजना बना रही है।
दिल्ली सरकार यह पहल कचरे से पर्यावरण को नुकसान पहुंचने से रोकने के लिए करना चाहती है। इस प्रस्ताव पर पर्यावरण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बैठक की।बैठक में इस विषय पर चर्चा की गई। बैठक में योजना के लिए नीतिगत ढांचे और इसे लागू करने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।
मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि प्लास्टिक की बोतलें और तंबाकू उत्पादों (जैसे खैनी और गुटखा) की पैकेजिंग को इस योजना के तहत सबसे पहले शामिल किए जाने की संभावना है। दिल्ली सरकार देश के अन्य राज्यों खासकर हिमाचल प्रदेश में लागू 'डिपॉजिट रिटर्न मॉडल' का भी अध्ययन कर रही है।सिरसा के मुताबिक, दिल्ली सरकार राष्ट्रीय राजधानी की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एक ढांचा तैयार करने से पहले अलग-अलग योजनाओं और उपायों का अध्ययन करेगी।
'डिपॉजिट रिटर्न स्कीम' कचरा निपटान में योगदान के लिए प्रोत्साहन आधारित एक पहल है। इसके तहत ग्राहक से खरीदारी के समय कुछ खास उत्पादों पर एक छोटी रकम डिपॉजिट के तौर पर वसूल ली जाती है। फिर खाली पैकेट को तय कलेक्शन पॉइंट पर वापस देने पर वह रकम लौटा दी जाती है।जैसे यदि कोई प्लास्टिक की बोतल खरीदता है तो उससे बोतल की कीमत के साथ अतिरिक्त रकम भी देनी पड़ती है।
बाद में खाली बोतल को किसी अधिकृत कलेक्शन सेंटर या रिटेलर के पास वापस करने पर उसे जमा राशि वापस मिल जाती है। इस व्यवस्था का मकसद कचरे को अलग-अलग करने और रीसाइक्लिंग को बढ़ावा देना है। सरकार का मानना है कि इस पहल से रीसाइकल होने लायक कचरे को डंपिंग साइट या नालों या जल स्रोतों में जाने से रोका जा सकता है।मंत्री सिरसा ने अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि वे एक महीने के भीतर दिल्ली में इस योजना को लागू करने के लिए एक विस्तृत प्रस्ताव तैयार करें।
पर्यावरण विभाग से कहा गया था कि वे मौजूदा योजनाओं का अध्ययन करें, उनकी व्यावहारिकता को परखें और दिल्ली की शहरी परिस्थितियों के माकूल एक सिस्टम तैयार करें। इस सिस्टम में भुगतान, संस्थागत व्यवस्था, अलग-अलग हितधारकों की जिम्मेदारियां और योजना को लागू करने की रणनीति शामिल होगी।