कांग्रेस नेता राहुल गांधी का नाम या उनकी तस्वीर वाली पोस्ट सोशल मीडिया पर साझा करने पर उन्हें भारत में ब्लॉक किए जाने का आरोप लगाते हुए भारतीय युवा कांग्रेस ने दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। संगठन ने आरोप लगाया है कि फेसबुक और इंस्टाग्राम का संचालन करने वाली कंपनी मेटा राहुल गांधी के नाम और तस्वीरों को पहचान के आधार पर इस्तेमाल कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पोस्ट अपने आप प्रतिबंधित कर रही है।
याचिका में इस तरह की कार्रवाई के लिए इस्तेमाल की जा रही स्वचालित व्यवस्था और इससे जुड़े सरकारी नियमों को चुनौती दी गई है।ब्लाक की जा रही पोस्टभारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव मनु जैन ने अधिवक्ता ऋषव रंजन के माध्यम से यह याचिका दाखिल की है। मनु जैन संगठन के सोशल मीडिया विभाग की जिम्मेदारी संभालते हैं और उनके आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट का संचालन भी करते हैं।
उन्होंने याचिका में कहा है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर राजनीतिक और व्यक्तिगत प्रकृति की सामान्य पोस्ट को भी भारत में ब्लाक किया जा रहा है।याचिका में दावा, मिले थे नोटिसयाचिका के मुताबिक, 29 सितंबर से 23 नवंबर के बीच पार्टी के कई सदस्यों को ऐसे नोटिस मिले, जिनमें बताया गया कि उनकी पोस्ट भारत में नहीं देखी जा सकतीं।
इन पोस्ट में राहुल गांधी को शादी का निमंत्रण देने, पार्टी कार्यकर्ताओं के जन्मदिन की शुभकामनाओं, पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि देने, राहुल गांधी के साथ कार्यकर्ताओं की तस्वीरों और शिकागो विश्वविद्यालय में उनके व्याख्यान से जुड़ी सामग्री शामिल थी।अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर आंचमनु ने अदालत को बताया है कि इन सभी पोस्ट में एक समान बात राहुल गांधी का नाम या उनकी तस्वीर होना है।
याचिका में सवाल उठाया गया है कि सामान्य राजनीतिक और व्यक्तिगत सामग्री को इस आधार पर प्रतिबंधित करना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को प्रभावित करता है। याचिका में कहा गया है कि पार्टी के सदस्यों को मिले नोटिस में सूचना को प्रतिबंधित करने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी नियम के तहत स्वचालित व्यवस्था लागू होने का हवाला दिया गया है।नहीं बताई वजहहालांकि, किसी पोस्ट को रोकने के पीछे न तो संबंधित आदेश की प्रति दी गई और न ही कोई स्पष्ट कारण बताया गया।
कुछ पोस्ट प्रकाशित होने के कई महीने बाद प्रतिबंधित की गईं, जबकि शिकागो विश्वविद्यालय में राहुल के व्याख्यान से जुड़ी पोस्ट को उसी दिन प्रतिबंधित करने के बाद फिर से बहाल कर दिया गया।आईटी नियमों के प्रावधान को भी चुनौतीमनु ने सूचना प्रौद्योगिकी नियम, 2021 के नियम 4(4) को भी चुनौती दी है। इस प्रावधान को दस फरवरी 2026 की अधिसूचना के जरिये बदला गया था और यह 20 फरवरी से लागू हुआ।
इसके तहत मेटा जैसे बड़े सोशल मीडिया मंचों को ऐसे स्वचालित उपकरण लगाने होते हैं, जो पहले कानूनी आदेश के तहत प्रतिबंधित की गई सामग्री से बिल्कुल मिलती-जुलती सामग्री की पहचान कर उसे हटाने में मदद करें।सरकार और मेटा से मांगी जानकारीयाचिका में कहा गया है कि पर्याप्त कानूनी प्रक्रिया और पारदर्शिता के बिना सामग्री रोकने की ऐसी व्यवस्था अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के अधिकार का उल्लंघन करती है।
याचिकाकर्ता ने अदालत से केंद्र सरकार और मेटा को निर्देश देने की मांग की है कि वे बताएं कि राहुल गांधी से संबंधित पोस्ट को प्रतिबंधित करने के लिए कौन से आदेश जारी किए गए थे और स्वचालित व्यवस्था में किन शब्दों या तस्वीरों को पहचान के आधार के रूप में इस्तेमाल किया गया। याचिका का उद्देश्य इस पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही तय कराना है।