भारत-नेपाल के बीच धार्मिक व सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के लिए अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच नई रेल सेवा शुरू हो गई है। सरयू-कमला एक्सप्रेस मंगलवार को अपनी पहली यात्रा पर अयोध्या से यात्रियों को लेकर नेपाल के जनकपुर धाम रेलवे स्टेशन पहुंची। यहां ट्रेन का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस रेल सेवा को दोनों देशों के बीच धार्मिक पर्यटन और यात्रियों की आवाजाही बढ़ाने की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है।
खास बात यह है कि यह ट्रेन रामायण से जुड़े 2 प्रमुख धार्मिक स्थलों को सीधे रेल मार्ग से जोड़ती है। जनकपुर धाम को माता सीता की जन्मस्थली और अयोध्या को भगवान राम की जन्मभूमि के रूप में पूजा जाता है। ऐसे में इस रेल सेवा से दोनों स्थानों के बीच आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच इस रेल सेवा की शुरुआत सोमवार को की गई थी।
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। बालेन शाह अपने दो दिवसीय राजकीय दौरे पर भारत आए हुए थे। इसी दौरान दोनों देशों के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने की इस पहल को आगे बढ़ाया गया। भारतीय रेलवे ने पहले ही जनकपुर धाम और उत्तर प्रदेश के अयोध्या के बीच साप्ताहिक ट्रेन चलाने को मंजूरी दे दी थी।
इस सेवा का मकसद सिर्फ यात्रियों को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाना नहीं है, बल्कि दोनों देशों के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संपर्क को भी बढ़ावा देना है।नेपाल में ट्रेन के पहुंचने पर जोरदार स्वागतनेपाल में ट्रेन के पहुंचने पर वहां के श्रम, युवा और रोजगार मंत्री रामजी यादव, मधेश प्रदेश के मुख्यमंत्री सरोज कुमार यादव और नेपाल में भारतीय दूतावास के प्रभारी अधिकारी ने यात्रियों का स्वागत किया।
इस मौके पर नेपाल के सीनियर अधिकारी और नेपाल रेलवे कंपनी लिमिटेड के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। भारत के नेपाल स्थित दूतावास ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए इस स्वागत कार्यक्रम की जानकारी साझा की। ट्रेन की पहली यात्रा के मौके पर जनकपुर धाम रेलवे स्टेशन परिसर में एक अलग कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें शामिल वक्ताओं ने भारत और नेपाल के बीच रेल सेवा शुरू होने का स्वागत किया।
उन्होंने कहा कि इससे श्रद्धालुओं के लिए तीर्थयात्रा आसान होगी और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही सीमा के दोनों ओर रहने वाले लोगों के बीच आपसी संपर्क और सांस्कृतिक रिश्ते भी मजबूत होंगे।ट्रेन का सफर करीब 604 किलोमीटर लंबारेल मंत्रालय के मुताबिक, जनकपुर धाम से अयोध्या कैंट के बीच इस ट्रेन का सफर करीब 604 किलोमीटर का होगा।
इस दौरान ट्रेन बिहार और उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख शहरों और कस्बों से होकर गुजरेगी। मंत्रालय ने बताया कि ट्रेन के दोनों टर्मिनल स्टेशनों के अलावा जयनगर, मधुबनी, शिशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम में व्यावसायिक ठहराव होंगे। इससे रास्ते में पड़ने वाले इलाकों के यात्रियों को भी इस सेवा का लाभ मिल सकेगा।
ट्रेन सप्ताह में एक दिन चलेगी। इसका जनकपुर धाम से शनिवार को रवाना होने का कार्यक्रम है, जबकि अयोध्या कैंट से वापसी की यात्रा सोमवार को होगी। इस तरह भारत और नेपाल के बीच रामायण से जुड़े प्रमुख धार्मिक स्थलों की दूरी रेल के जरिए तय करना आसान होगा।