10 नवंबर को रिलीज हुई सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ की देशभर में काफी चर्चा है। वहीं इस किताब को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी, मां सोनिया गांधी के साथ किताब पर चर्चा करते नजर आ रहे हैं।

इस दौरान इमरजेंसी के बाद के दौर का जिक्र करते हुए प्रियंका गांधी ने अपने स्कूल का एक किस्सा भी शेयर किया है। उन्होंने कहा , जब दादी (इंदिरा गांधी) चुनाव हार गईं, तो मुझे याद है कि उस वक्त माहौल में काफी तनाव था।प्रियंका गांधी ने शेयर किया ये किस्सासोनिया गांधी की किताब में चर्चा के दौरान प्रियंका ने एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि इमरजेंसी के बाद जब दादी (इंदिरा गांधी) चुनाव हार गई थीं, तब हमें दूसरे घर में जाना पड़ा था।प्रियंका ने कहा कि मुझे याद है कि स्कूल में एक बच्चा मेरे पास आया और बोला कि तेरा चाचा जेल में है, चोर है तेरा चाचा.

इस पर मैंने उसे थप्पड़ मार दिया। वहीं राहुल गांधी ने आगे कहा कि, जब मैं उस दिन स्कूल पहुंचा तो मेरे बगल में कोई नहीं बैठा, वहां एक गैप था। मैं सोच रहा था कि गैप क्यों है, मेरे बगल में कोई क्यों नहीं बैठा लेकिन मैंने कुछ नहीं कहा। मैंने बस चुप रह गया।'राजीव गांधी के सुरक्षा की गई थी कम'वहीं किताब को लेकर राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी के साथ बातचीत के दौरान सोनिया गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री और अपने पति राजीव गांधी की सुरक्षा हटाए जाने का मुद्दा भी उठाया।

सोनिया गांधी ने आरोप लगाया कि राजीव गांधी की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी, जिससे उनकी हत्या करना आसान हो गया। सोनिया गांधी ने राजीव गांधी के पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि जब वे विपक्ष के नेता थे, तब कई बार खुली जीप में सफर करते थे। इस दौरान उन्हें विरोध प्रदर्शनों और पत्थरबाजी का सामना भी करना पड़ा था।

सोनिया गांधी ने कहा कि विपक्षी दलों की सरकार वाले राज्यों में राजीव गांधी के दौरे के दौरान उनकी सुरक्षा को लेकर काफी लापरवाही बरती गई थी। उन्होंने उस समय के एक दौरे को बेहद डरावना बताया।सोनिया गांधी ने बताया कि एक दौरे पर राहुल गांधी भी अपने पिता के साथ गए थे। वहां उन्होंने पत्थरबाजी और लोगों का विरोध देखा था।

घर लौटने के बाद राहुल ने अपनी मां से कहा था, मम्मा, अगर हमने पापा की सुरक्षा के लिए कुछ नहीं किया, तो मुझे लगता है कि बहुत जल्द मुझे उनके अंतिम संस्कार के लिए वापस आना पड़ेगा। सोनिया गांधी के मुताबिक, बिहार का दौरा उनकी चिंता की आखिरी वजह बना। उन्होंने बताया कि राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर वह पहले भी अपनी चिंता जता चुकी थीं, लेकिन उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया गया।राहुल गांधी ने एक्स पर इस बातचीत का वीडियो शेयर करते हुए कहा कि उनकी मां की किताब 500 से ज्यादा पन्नों की है, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने कई ऐसी बातें छोड़ दी हैं, जिन्हें अभी बताया जाना बाकी है।