समाजवादी पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू और यूपी महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने सोमवार को आजम खां की जेल से रिहाई से जुड़े सवाल पर तीखा बयान दिया है। उन्होंने बिना नाम लिए आजम खां को 'असुर' करार दिया। कहा कि असुर-भंयकरों की बात नहीं करनी चाहिए। अपर्णा यादव का ये बयान अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।कानपुर देहात में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति द्वारा आयोजित कथा में शामिल होने अपर्णा यादव पहुंचीं।
यहां उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में आजम खान का जिक्र होने पर कहा, 'हमें लगता है कि कथा सुननी चाहिए। ऐसे असुरों-भयंकरों की बात नहीं करनी चाहिये।' उन्होंने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि प्रदेश में कमल खिलेगा और भाजपा फिर सरकार बनाएगी। वहीं, सपा पर निशाना साधते हुए अपर्णा ने कहा कि पार्टी हमेशा महिला विरोधी रही है और उसने केवल अपने परिवार की महिलाओं को आगे बढ़ाया है।
इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नए संसद भवन के उद्घाटन के समय सबसे पहले नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित कराने की पहल की।अल्लाह के नाम पर माफी मांगे ओवैसी: आजम खांउधर, आजम खां ने असदुद्दीन ओवैसी पर निशाना साधा है। अब्दुल से दरी बिछवाने वाले ओवैसी के बयान पर कहा है कि उन्हें अल्लाह के नाम पर माफी मांगनी चाहिए।
आजम ने कहा कि अब्दुल की तौहीन करने वाले पर लानत है। अब्दुल अल्लाह का नाम है और उसकी बेइज्जती करना गलत है।उन्होंने कहा, ‘बारगाह-ए-खुदावंदी, बारगाह-ए-इलाही (ईश्वर के दरबार) में तौबा करें, कलमा पढ़ें। अब्दुल दरी नहीं उठाएगा। नौजुबिल्लाह, मैं अल्लाह से तौबा करता हूं। वरना मैं कुफ्र के दायरे में दाखिल हो जाऊंगा।
मैं मुल्हिद हो जाऊंगा। मैं मुशरिक हो जाऊंगा। अगर मैं अब्दुल की तौहीन कर रहा हूं तो लानत हो मुझ पर और लानत हो हर उस इंसान पर, जो अब्दुल से दरी उठवाने की बात कर रहा है। क्योंकि अब्दुल अल्लाह, अब्दुल करीम, अब्दुल रहीम अल्लाह के नाम हैं। अल्लाह से माफी मांगिए। चंद वोटों के लिए क्या आप अब्दुल रहीम से दरी बिछवाएं और उठवाएंगे।’गौरतलब है कि 18 अक्टूबर को रामपुर के टांडा में एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा था कि अब्दुल अब दरी नहीं बिछाएगा, बल्कि नेता बनेगा, विधायक और सांसद बनेगा।
उन्होंने मुसलमानों से अपने वोट का सही इस्तेमाल करने और सियासी ताकत बढ़ाने के लिए एकजुट होने की अपील की थी।