गोरखपुर के ऐतिहासिक चौरी-चौरा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ₹288 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने चौरी-चौरा की ऐतिहासिक क्रांतिकारी धरती को नमन करते हुए स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों के योगदान को याद किया। मुख्यमंत्री ने भोपा बाजार रेलवे ओवरब्रिज को शहीदों की स्मृति से जोड़ने की इच्छा जताई। वहीं, किसानों को अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से हुए नुकसान की भरपाई के लिए नए पैकेज का आश्वासन दिया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर राजनीतिक हमला बोला। कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, व्यापारियों की सुरक्षा, रोजगार और गरीबों के कल्याण को लेकर पिछली सरकारों पर सवाल उठाए। साथ ही गोरखपुर में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए चौरी-चौरा के विकास को और गति देने का भरोसा दिलाया

क्रांतिकारियों की धरती चौरी-चौरा को मुख्यमंत्री ने किया नमन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन की शुरुआत धार्मिक और राष्ट्रभक्ति के उद्घोष के साथ की। उन्होंने सियावर रामचंद्र भगवान, पवनसुत हनुमान, वृंदावन बिहारी लाल, भारत माता और बाबा गोरखनाथ के जयकारे लगाए। मां तरकुलहा देवी को नमन करते हुए चौरी-चौरा की ऐतिहासिक धरती और यहां के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बांसगांव के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान, निषाद पार्टी के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री संजय निषाद, राज्यसभा सांसद संगीता यादव, चौरी-चौरा विधायक सरवन निषाद, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह, गोरखपुर ग्रामीण विधायक विपिन सिंह, खजनी विधायक श्रीराम चौहान, सहजनवां विधायक प्रदीप शुक्ला, पूर्व सांसद जयप्रकाश निषाद, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, जिला प्रभारी अजय गौतम सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं जनता का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि चौरी-चौरा की धरती केवल गोरखपुर ही नहीं, बल्कि पूरे देश के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में विशेष स्थान रखती है। यह वह धरती है जिसने देश को शहीद बंधु सिंह और चौरी-चौरा के महान क्रांतिकारी दिए। उन्होंने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की पंक्तियां उद्धृत करते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले क्रांतिकारियों को सदैव याद किया जाना चाहिए

172 क्रांतिकारियों को सुनाई गई थी फांसी की सजा, मालवीय जी ने की थी पैरवी

मुख्यमंत्री ने 4 फरवरी 1922 की ऐतिहासिक चौरी-चौरा घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि अंग्रेजी हुकूमत ने इस घटना के बाद 172 लोगों को गिरफ्तार कर फांसी की सजा सुनाई थी। उन्होंने पंडित मदन मोहन मालवीय की पैरवी का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से 151 क्रांतिकारियों को फांसी के फंदे से बचाने में सफलता मिली। मुख्यमंत्री ने चौरी-चौरा आंदोलन से जुड़े भगवान अहीर, नजर अली, कोबल सिंह यादव, लाल मोहम्मद, मेघू तिवारी, अब्दुल्लाह, श्याम सुंदर, महादेव सिंह, विक्रम अहीर, मेघू अली, कालीचरण, लोटू कुहार, रघुवीर सुनार, रामलखन, रामरूप, सहदेव, रुदली केवट, संपत अहीर और सीताराम सहित अन्य क्रांतिकारियों का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि इन क्रांतिकारियों ने आजादी के लिए जाति, परिवार और व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर संघर्ष किया था। उनका एकमात्र उद्देश्य भारत को अंग्रेजों की गुलामी से मुक्त कराना था। मुख्यमंत्री ने कहा कि उस दौर में देश की एकता कमजोर थी और विदेशी ताकतों ने इसी विभाजन का लाभ उठाकर भारत को गुलाम बनाया था। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व और पंडित जवाहरलाल नेहरू का जिक्र करते हुए कहा कि चौरी-चौरा के क्रांतिकारियों की पैरवी के लिए पंडित मदन मोहन मालवीय आगे आए थे।मुख्यमंत्री ने पंडित मदन मोहन मालवीय को भारत रत्न दिए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके योगदान और स्वतंत्रता संग्राम के क्रांतिकारियों के प्रति सम्मान का भी प्रतीक है

भोपा बाजार फ्लाईओवर को शहीदों के नाम से पहचान देने की इच्छा

मुख्यमंत्री ने चौरी-चौरा में भोपा बाजार रेलवे लाइन के कारण लगने वाले जाम की समस्या का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले यहां घंटों तक जाम लगा रहता था और आवागमन में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान, तत्कालीन विधायक संगीता यादव, जयप्रकाश निषाद और वर्तमान विधायक सरवन निषाद सहित जनप्रतिनिधियों ने इस समस्या को उठाया था। आज यहां फ्लाईओवर का निर्माण पूरा होने से लोगों को बड़ी राहत मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस ओवरब्रिज का नाम शहीद स्मारक ओवरब्रिज अथवा यहां के क्रांतिकारियों की स्मृति से जुड़ा होना चाहिए। यह उन शहीदों के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि चौरी-चौरा का नाम देश के इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा। इसकी पहचान किसी एक बाजार या कस्बे से नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम में इसके ऐतिहासिक योगदान से है

मां तरकुलहा देवी मंदिर के सुंदरीकरण का जिक्र, बंधु सिंह को किया याद

मुख्यमंत्री ने मां तरकुलहा देवी के मंदिर का उल्लेख करते हुए कहा कि यह आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र है।उन्होंने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के क्रांतिकारी बाबू बंधु सिंह को याद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बंधु सिंह ने अंग्रेजी हुकूमत की चूलें हिलाने का काम किया था और उन्हें गोरखपुर में फांसी दी गई थी। उन्होंने प्रचलित ऐतिहासिक मान्यता का उल्लेख करते हुए कहा कि बंधु सिंह को फांसी देने के कई प्रयास असफल हुए थे। अंततः उन्होंने मां तरकुलहा देवी का स्मरण करते हुए स्वयं बलिदान स्वीकार किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने मां तरकुलहा देवी मंदिर के सुंदरीकरण के लिए कार्य किया है। यह स्थल श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में रुचि रखने वाले लोगों के लिए भी महत्वपूर्ण है

₹288 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात, दीपावली और छठ से पहले जनता को उपहार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चौरी-चौरा विधानसभा क्षेत्र में ₹288 करोड़ की विकास परियोजनाएं जनता को समर्पित करने के लिए सरकार यहां आई है।उन्होंने कहा कि दीपावली और छठ महापर्व से ठीक पहले यह चौरी-चौरा की जनता के लिए सरकार की ओर से उपहार है। मुख्यमंत्री ने भोपा बाजार फ्लाईओवर के निर्माण में मुआवजे पर हुए खर्च का जिक्र करते हुए कहा कि इस परियोजना में मार्ग निर्माण से भी अधिक धनराशि मुआवजे पर खर्च की गई है, ताकि लोगों का आवागमन बाधित न हो। उन्होंने बाजार के व्यापारियों को आश्वस्त किया कि दुकानों को नुकसान पहुंचाए बिना बाजार तक बेहतर रास्ता बनाने की संभावना पर काम किया जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापारी केवल व्यवसायी नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। व्यापार चलता है तो रोजगार पैदा होता है और बाजार में आर्थिक गतिविधियां बढ़ती हैं। इसलिए किसी भी व्यापारी को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए

नगर पंचायत को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने का ऐलान

मुख्यमंत्री ने चौरी-चौरा नगर पंचायत के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें कहीं। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत अध्यक्ष ने उनसे कार्यालय भवन की आवश्यकता बताई थी। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जमीन की व्यवस्था कर दीजिए, सरकार भवन निर्माण के लिए धन उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री ने नगर पंचायत को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने की बात कही।इसमें प्रमुख रूप से शामिल हैं-पूरे नगर पंचायत क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरों से कवर करना।सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना।सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना।पार्किंग की व्यवस्था करना।जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र की सुविधा।आय एवं निवास प्रमाणपत्र जैसी सेवाओं को एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराना।युवाओं के लिए डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधा।नाली और अन्य बुनियादी विकास कार्यों को गति देना।मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं है। आवश्यकता केवल कार्य करने की इच्छाशक्ति और समयबद्ध तरीके से योजनाओं को पूरा करने की है

सपा-कांग्रेस पर मुख्यमंत्री का बड़ा हमला, बोले- सपा का मतलब बदमाशों को बुलाना